5000-women-will-be-vaccinated-in-each-block-on-international-women39s-day
5000-women-will-be-vaccinated-in-each-block-on-international-women39s-day

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर प्रत्येक प्रखण्ड में 5000 महिलाओं का होगा टीकाकरण

छपरा, 06 मार्च (हि.स.)। वैश्विक महामारी कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए जिले में टीकाकरण अभियान की शुरुआत हुई है। सारण में महिला दिवस पर प्रत्येक प्रखण्ड में 5000 महिलाओं का टीकाकरण कराने का लक्ष्य रखा गया है। अभियान में आम नागरिक जिनकी उम्र 60 साल या उससे अधिक हो और 45 से 59 वर्ष के वैसे नागरिकों जो किसी गंभीर बिमारी से ग्रसित हैं उनका टीकाकरण हो रहा है। 08 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर वैसी महिलाएं जो पात्र लाभार्थी हैं उनको टीकाकरण के दौरान विशेष ध्यान दिया जायेगा। इसको लेकर राज्य स्वास्थ्य समिति के कार्यपालक निदेशक मनोज कुमार ने पत्र जारी कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिया है। जारी पत्र में कहा गया है कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की तैयारी को लेकर पंचायती राज के प्रतिनिधियों के साथ प्रखंड विकास पदाधिकारी की अध्यक्षता में बैठक कर माइक्रो प्लान तैयार कर लें। प्रत्येक एएनएम एवं आशा अपने-अपने क्षेत्र से कम से कम एक पात्र महिला को प्रोत्साहित कर टीकाकरण कराया जायेगा। जीविका दीदी आंगनबाड़ी सेविका करेंगी सहयोग: बाल विकास परियोजना पदाधिकारी से समन्वय स्थापित करते हुए आंगनबाड़ी सेविका के जरिए क्षेत्र में पात्र लाभार्थियों को कोविड-19 टीकाकरण कराने के लिए प्रोत्साहित किया जायेगा। जीविका प्रतिनिधियों के साथ जिला एवं प्रखंड स्तर पर बैठक कर इस कार्य में सहयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया जायेगा। राज्य स्वास्थ्य समिति के कार्यपालक निदेशक मनोज कुमार ने निर्देश दिया है कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर टीकाकरण केंद्रों पर सिर्फ महिलाकर्मियों को तैनात किया जायेगा। इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाकर्मियों को पुरस्कृत किया जायेगा। इसके साथ ही टीकाकरण केंद्र को आकर्षक रूप से सजाया जायेगा। कोविड-19 टीकाकरण सत्र स्थल पर पोस्टर, फ्लैक्स व बैनर प्रदर्शन किया जायेगा। सहयोगी संस्थाओं की ली जायेगी मदद: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर गतिविधियों के सफल संचालन के लिए सहयोगी संस्थाओं की मदद ली जायेगी। इसमें केयर इंडिया, विश्व स्वास्थ्य संगठन, यूनिसेफ सहयोग करेगा। कोविड-19 टीकाकरण से आच्छादित करना सुनिश्चित किया जायेगा। डीपीएम अरविंद कुमार ने बताया कि सारण जिले में 3372 आशा कार्यकर्ता और 165 आशा फेसलिटेटर को चयनित किया गया है। प्रत्येक आशा कार्यकर्ताओं को कम से कम एक लाभार्थी और आशा फेसलिटेटर को पांच लाभार्थियों को कोविड-19 का टीकाकरण कराने का लक्ष्य दिया गया है। साथ ही 08 मार्च को टीकाकरण की रिपोर्टिंग प्रति दो घंटे पर (पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 01 बजे, अपराह्न 03 बजे से 05 बजे और शाम 07 बजे) गूगल शीट पर सुनिश्चित की जायेगी। इसकी जवाबदेही जिला अनुश्रवण सह मूल्यांकन पदाधिकारी एवं प्रखंड स्तर पर प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक एवं प्रखंड अनुश्रवण एवं मूल्यांकन पदाधिकारी को दी गयी है। हिन्दुस्थान समाचार /गुड्डू/चंद्र

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in