chief-minister-reviews-tinsukia39s-flood-preparedness-and-situation-in-corona
chief-minister-reviews-tinsukia39s-flood-preparedness-and-situation-in-corona

मुख्यमंत्री ने की तिनसुकिया की बाढ़ तैयारियों और कोरोना के हालात की समीक्षा

तिनसुकिया (असम), 19 जून (हि.स.)। मुख्यमंत्री डॉ हिमंत बिस्व सरमा ने शनिवार को तिनसुकिया जिला का दौरा किया। इस दौरान जिला उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ जिला उपायुक्त कार्यालय के कांफ्रेंस हॉल में आयोजित बैठक में तिनसुकिया जिला प्रशासन की बाढ़ तैयारियों और कोरोना के हालात और प्रबंधन रणनीति की समीक्षा की। विस्तृत समीक्षा के बाद मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को निर्देश दिए कि बाढ़ से प्रभावित जिला के संवेदनशील क्षेत्रों का तत्काल पता लगाया जाए, जिसमें दुमदुमा शहर पर विशेष ध्यान दिया जाए और बाढ़ सुरक्षा गतिविधियों को तेजी से अंजाम दिया जाए। उन्होंने बाढ़ के प्रभाव को कम करने के लिए तटबंध सुदृढ़ीकरण कार्यों को जल्द पूरा करने पर भी जोर दिया। मुख्यमंत्री ने जिले के कोरोना की स्थिति और स्वास्थ्य ढांचे की समीक्षा करते हुए लोक निर्माण विभाग से कहा कि तिनसुकिया सिविल अस्पताल में चल रहे विस्तार कार्यों को जल्द से जल्द पूरा किया जाए ताकि अस्पताल में आईसीयू बेड की संख्या बढ़ाई जा सके। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग से राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के परामर्श से तीव्र नेफ्रोलॉजिकल समस्याओं वाले मरीजों के इलाज के लिए पांच डायलिसिस मशीनों के अलावा डिगबोई सिविल अस्पताल में पांच आईसीयू बेड स्थापित करने को भी कहा। मुख्यमंत्री ने जिला की टीकाकरण की स्थिति की समीक्षा करते हुए जिला प्रशासन को निर्देश दिए कि चाय बागान के लोगों और आबादी का घनत्व अधिक रखने वाले क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देते हुए टीकाकरण अभियान को मिशन मोड में गहनता से चलाया जाए। बैठक में केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग राज्य मंत्री रामेश्वर तेली, कृषि मंत्री अतुल बोरा, चाय जनजाति कल्याण मंत्री संजय किसन, विधायक सुरेन फुकन, भास्कर शर्मा, तेरेस ग्वाला, बिनोद हजारिका, चक्रधर गोगोई, पुनाकन बरुवा और तरंगा गोगोई भी मौजूद थे। हिन्दुस्थान समाचार/ देबोजानी/ अरविंद

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in