गुवाहाटी, 04 मार्च (हि.स.)। असम में कई वर्तमान कांग्रेसी विधायकों को पार्टी का टिकट नहीं मिल सकता है। ये बातें असम प्रदेश कांग्रेस पार्टी के प्रभारी जितेंद्र सिंह ने यहां गुरुवार को कहीं। उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने की कम संभावना वाले वर्तमान विधायकों को पार्टी इस बार टिकट नहीं देगी। उन्होंने कहा, “एक मौजूदा विधायक को इसलिए टिकट नहीं मिल जाएगा कि वह विधायक है। सिंह ने जिला और ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों के साथ बैठक में भाग लेने के बाद कहा कि टिकट उम्मीदवारों के के जीतने की संभावनाओं पर निर्भर करेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेतृत्व वाले महागठबंधन में सीटों के बंटवारे का निर्धारण पार्टियों की जीत से होगा।’ सिंह ने कहा, “हम अपने सहयोगियों के साथ चर्चा कर रहे हैं। सीट-बंटवारा जीत की गारंटी पर आधारित होगा। इसके ऊपर कोई विचार नहीं है। कांग्रेस नेता ने कहा कि यह प्रक्रिया असम में ही चल रही है।’ माना जा रहा है कि कांग्रेस पार्टी भी अपने उम्मीदवारों की पहली सूची गुरुवार की देर रात या फिर शुक्रवार को जारी करेगी। पार्टी के अंदर और महागठबंधन के सहयोगियों के साथ लगातार बैठकों का दौर जारी है। असम प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में लगातार नेताओं का जमावड़ा लगा हुआ है। हिन्दुस्थान समाचार/ अरविंद




