असम लौटे प्रवासी कामगारों से संपर्क स्थापित करने का निर्देश
गुवाहाटी, 23 जुलाई (हि.स.)। असम लौटकर आए प्रवासी कामगारों के साथ संपर्क स्थापित करने का प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रंजीत कुमार दास ने निर्देश दिया है। असम के प्रवासी कामगार जो देश के विभिन्न स्थानों पर कार्यरत थे उन कामगारों के साथ संपर्क स्थापित करने का अध्यक्ष ने अपने नेताओं व कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया है। गुरुवार प्रदेश भाजपा के नवनिर्मित प्रवासी कामगार संपर्क कोष के सौजन्य से आयोजित एक वर्चुअल रैली में हिस्सा लेते हुए रंजीत कुमार दास ने भाजपा के विधायक, विधानसभा क्षेत्रों के संयोजक व मंडल कमेटी के संयोजकों को संबोधित कर कहा कि कोरोना वायरस के चलते इस आपातकालीन स्थिति में अपने-अपने कार्य स्थल को छोड़कर बेहद परेशानी में कामगार राज्य में लौटे हैं। ये सभी विभिन्न समस्याओं से पीड़ित होकर अपना दिन गुजार रहे हैं। इनमें से अनेक लोग अपने पूर्व कार्य क्षेत्र में लौट गए हैं या अपने इलाके में ही रह रहे हैं। इन सभी प्रवासी कामगारों की सहायता करने के लिए भाजपा की बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को ऐसे लोगों के साथ संपर्क स्थापित कर तथ्य संग्रह करना होगा, जिससे वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की घोषित आत्मनिर्भर भारत- आत्मनिर्भर आसाम के अधीन विभिन्न प्रकल्पों के द्वारा लाभ पहुंचाया जा सके। उल्लेखनीय है कि प्रदेश भाजपा कमेटी के सौजन्य से राज्य के प्रवासी कामगारों के साथ संपर्क करने के लिए प्रदेश प्रवासी कामगार संपर्क कोषका गठन किया गया है। आगामी 10 अगस्त के भीतर असम में लौट आये 02 लाख प्रवासी कामगारों के साथ संपर्क स्थापित करने के साथ-साथ प्रत्येक कामगारों की सूचनाएं संग्रह करने का निर्देश दिया गया है। गुरुवार की इस वर्चुअल बैठक में भाजपा के उपाध्यक्ष डॉ प्रदीप ठाकुरिया, सांगठनिक सचिव फनिंद्र नाथ शर्मा, सचिव व सांसद दिलीप शौकिया के साथ ही अन्य कई वरिष्ठ नेताओं ने हिस्सा लिया। हिन्दुस्थान समाचार/ देबोजानी/ अरविंद-hindusthansamachar.in