नई दिल्ली, एजेंसी। आम आदमी पार्टी ‘आप’ विधायक सौरभ भारद्वाज ने सोमवार को पार्टी कार्यालय में प्रेस वार्ता कर कहा कि उपराज्यपाल (एलजी) विनय कुमार सक्सेना विधानसभा की समितियों पर कार्रवाई करने पर विचार कर रहे हैं। एलजी ने एक पत्र विधानसभा के सचिव को भेजा है, इसमें उन्होंने पूछा है कि विधानसभा की समितियां कैसे काम करती है, इसकी उन्हें जानकारी दी जाए। पत्र में यह भी लिखा है कि क्या अफसरों के काम में विधानसभा समिति के अध्यक्ष दखलंदाजी तो नहीं कर रहे हैं ? यह भी बताया जाए।
भारद्वाज ने कहा कि एलजी का इस तरह का उक्त आदेश, पत्र बिल्कुल ही असंवैधानिक है। गरीब, बुजुर्ग जिनकी पेंशन रुकी हुई थी और जब विधानसभा की समिति में यह मामला आया तो अधिकारियों को पेंशन जारी करने के आदेश दिए गए। एलजी को इस पर ऐतराज है।
आगे भारद्वाज ने कुछ वीडियो भी दिखाएं, जिसमें विधानसभा की याचिका समिति के अंदर चल रही सुनवाई में राशन की गड़बड़ी का मामला सामने आया और याचिका समिति ने इसका निराकरण किया। इसी क्रम में वृद्धावस्था पेंशन को लेकर प्राप्त शिकायतें और उसका किस तरह समिति ने समाधान निकाला गया, इस संबंध में वीडियो भी उन्होंने दिखाया।
उन्होंने कहा कि याचिका समिति के पास कई शिकायतें आई जिसमें क्षेत्रों में राशन न मिलने की बात कही गई। गरीब मजबूर अपनी शिकायत लेकर विधायकों के पास पहुंचते थे और इसे ही विधानसभा की समितियां अपने स्तर पर अधिकारियों को आदेश जारी कर दूर करने का प्रयास करती है। भारद्वाज ने कहा कि विधानसभा की समिति अगर किसी लापरवाह अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई करती है तो एलजी को इसकी प्रशंसा करनी चाहिए।





