केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय में दो दिवसीय राष्ट्रीय किसान मेला 26-27 फरवरी को

कृषि मेले में प्रमुख आकर्षण का केंद्र आधुनिक कृषि यंत्रों का प्रदर्शन, खेती में ड्रोन का उपयोग, बुन्देली कृषि विपणन मोबाइल ऐप, मोबाइल पौध स्वास्थ्य क्लीनिक, हाईटेक उद्यानिकी रहेंगे।
केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय में दो दिवसीय राष्ट्रीय किसान मेला 26-27 फरवरी को

झांसी,एजेंसी। रानी लक्ष्मी बाई केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय प्रांगण में किसानों एवं अन्य हितग्राहियों के लिए पहली बार दो दिवसीय कृषि मेला एवं प्रदर्शनी का आयोजन 26-27 फरवरी 2023 को किया जा रहा है। कुलपति डॉ. अशोक कुमार सिंह ने बताया कि इस दो दिवसीय मेले का शुभारम्भ उत्तर प्रदेश सरकार के कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही एवं झाँसी ललितपुर सांसद अनुराग शर्मा करेंगे।

खेती में ड्रोन का उपयोग
कृषि मेले में प्रमुख आकर्षण का केंद्र आधुनिक कृषि यंत्रों का प्रदर्शन, खेती में ड्रोन का उपयोग, बुन्देली कृषि विपणन मोबाइल ऐप, मोबाइल पौध स्वास्थ्य क्लीनिक, हाईटेक उद्यानिकी रहेंगे। इसके अलावा टेक्नोलॉजी कैफेटेरिया, मधुमक्खी पालन, मशरूम उत्पादन, फल बागान, स्ट्रॉबेरी, ड्रैगनफ्रूट, वानिकी मॉडल, श्री अन्न पोषक अनाजों का प्रदर्शन एवं उनकी वैज्ञानिक खेती के बारे में जानकारियां विशेषज्ञों द्वारा दी जायगी। साथ ही उन्नतशील बीज और पौध की बिक्री भी की जायगी। यह वर्ष 2023 अंतरराष्ट्रीय मोटा अनाज वर्ष घोषित है। कृषि विश्वविद्यालय भी इन श्री अन्न पोषक अनाजों पर विशेष कार्य कर रहा है।

मत्स्य पालन आदि सभी के लिए लाभकारी
यह मेला किसानों, उत्पादकों, थोक विक्रेताओं, अयातकों, निर्यातकों और कृषि से संबंधित सभी क्षेत्रों जैसे बागवानी, वानिकी, पशुपालन, मत्स्य पालन आदि सभी के लिए लाभकारी होगा। इस मेले में प्रमुख क्षेत्रों से भागीदारी करने वाले लगभग 100 स्टाल लगाए जा रहे हैं। इसमें किसानों को प्रक्षेत्र भ्रमण, व्याख्यान माला और कृषि गोष्ठी द्वारा विभिन्न जानकारियां दी जाएंगी। इस आयोजन में बुंदेलखण्ड क्षेत्र के विभिन्न कृषि संस्थाएँ भी अपनी सहभागिता दे रहे हैं। इस कृषि मेले में आकर्षक पुष्प प्रदर्शनी भी लगाई जा रही हैं जिससे पुष्प उत्पादन के क्षेत्र में किसानों और उद्यमीयों को अपने क्षमता एवं दक्षता को दर्शाने में मदद मिलेगी। इसी कृषि मेले में बुंदेलखंड कृषि निर्यात प्रोत्साहन शिखर सम्मेलन का आयोजन 27 फरवरी 2023 को किया जा रहा है जिसमें जैव सम्पदा, मूल्य संवर्धन एवं निर्यात अवसरों के विभिन्न आयामों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।

नाबार्ड की महत्वपूर्ण भूमिका
इस सम्मलेन में नाबार्ड, एपेडा, बुंदेलखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स, झांसी एवं उत्तर प्रदेश सरकार की राज्य एवं जिला प्रशासन की महत्वपूर्ण भूमिका है। बुंदेलखंड की समृद्धि के लिए प्रयासरत उद्यमियों, स्टार्टअप, स्वयं सहायता समूहों, खाद्य एवं प्रसंस्करण से जुड़े व्यवसायियों, छात्रों, वैज्ञानिकों एवं तमाम नीति निर्माताओं के लिए भी यह मंच मददगार साबित होगा। मेले के दूसरे दिन 27 फरवरी 2023 सोमवार को मेले समापन के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के श्रम एवं सेवायोजन मंत्री मनोहर लाल पन्त एवं प्रदेश सरकार के अतिरिक्त मुख्य सचिव कृषि देवेश चतुर्वेदी रहेंगे।

किसानों को कृषि की जानकारी देना
पत्रकार वार्ता के दौरान कुलपति डॉ. अशोक कुमार सिंह ने कहा कि इस मेले का उद्देश्य एक ही स्थल पर किसानों को कृषि तथा विभिन्न यंत्रों, उत्पादन की जानकारी देना है। कृषि मेला सभी कृषि विषयों का संगम है। इस आयोजन में मण्डल प्रशासन एवं जिला प्रशासन का पूर्ण सहयोग मिल रहा है। इस मौके पर डॉ. एसएस सिंह, डॉ. एसके चतुर्वेदी,डॉ. अनिल कुमार,डॉ. वीपी सिंह,डॉ. मनमोहन डोवरियाल,डॉ. एसएस कुशवाह,डॉ. गौरव शर्मा आदि उपस्थित रहे।

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in