खन्ना सिर्फ अपना समय बर्बाद कर रहे हैं : मुश्ताक अहमद
खन्ना सिर्फ अपना समय बर्बाद कर रहे हैं : मुश्ताक अहमद

खन्ना सिर्फ अपना समय बर्बाद कर रहे हैं : मुश्ताक अहमद

नई दिल्ली, 10 जून (हि.स.)। भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) के वित्त आयोग के अध्यक्ष अनिल खन्ना ने हॉकी इंडिया के पिछले तीन वर्षों के बैलेंस शीट की मांग की है, जिसके जवाब में हॉकी इंडिया के अध्यक्ष मुश्ताक अहमद ने कहा है कि खन्ना सिर्फ अपना समय बर्बाद कर रहे हैं और कुछ ऐसा पाने की कोशिश कर रहे हैं जो है ही नहीं । हॉकी इंडिया के अध्यक्ष ने अपने पत्र में स्पष्ट किया है कि निकाय आईओए नियमों का अनुपालन कर रहा है। पत्र में, हॉकी इंडिया के अध्यक्ष ने कुछ फेडरेशन के नाम बताए हैं जिनके पास अपनी बैलेंस शीट उनकी वेबसाइट पर नहीं है। अहमद ने खो खो फेडरेशन को आईओए के संज्ञान में लाया है क्योंकि वित्तीय वर्ष 2018-19 के लिए निकाय के पास इसकी बैलेंस शीट लंबित है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया है कि स्की और स्नोबोर्ड इंडिया, उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन और उत्तराखंड ओलंपिक एसोसिएशन के पास एक वेबसाइट तक नहीं है। आईओए की वित्त समिति को हॉकी इंडिया से सवाल पूछने के बजाय पहले इन मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए। इससे पहले, हॉकी इंडिया को भेजे गए एक मेल में, अनिल खन्ना ने हॉकी इंडिया से पिछले तीन वर्षों के अपने खातों का विवरण प्रस्तुत करने के लिए कहा था। उन्होंने अपने मेल में हॉकी इंडिया का एक वाणिज्यिक संगठन के रूप में उल्लेख किया था। इस पर, अहमद ने अपने मेल में कड़ा जवाब देते हुए कहा, "हॉकी इंडिया एक व्यावसायिक संगठन नहीं है जैसा कि आपने अपने ईमेल में उल्लेख किया है। हॉकी इंडिया पुरुषों और महिलाओं के लिए हॉकी के प्रचार और विकास के उद्देश्य से भारत में सोसायटी अधिनियम के तहत पंजीकृत है।" अहमद ने यह भी कहा है कि हॉकी इंडिया सालाना अपनी बैलेंस शीट फाइल करती है क्योंकि सोसाइटी एक्ट के तहत इसकी आवश्यकता होती है और आगे भारत सरकार की नीतियों के तहत आयकर सहित सभी कर और देयताओं का भुगतान करना पड़ता है। हिन्दुस्थान समाचार/सुनील-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in