Karnataka Election 2023: कर्नाटक चुनाव के आज आएंगे नतीजे, जानिए हॉट सीटों का गणित

कर्नाटक में हुए विधानसभा चुनाव के नतीजे आज जारी हो रहे हैं। सीएम बोम्मई से लेकर कई दिग्गज चुनाव मैदान में हैं। देखिए किस सीट पर कौन लड़ रहा है चुनाव।
Karnataka Election 2023: कर्नाटक चुनाव के आज आएंगे नतीजे, जानिए हॉट सीटों का गणित

नई दिल्ली, रफ्तार न्यूज डेस्क। कर्नाटक चुनाव के नतीजे आने में अब बस कुछ ही समय बचे हैं। इस बार चुनाव मैदान में कई बड़े नेता भी हैं। खुद मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई भी चुनाव लड़ रहे हैं। इसके अलावा कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार, पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया, पूर्व मुख्यमंत्री और जेडीएस नेता एचडी कुमारस्वामी जैसे कई दिग्गज नेता चुनाव लड़ रहे हैं।

आइए आपको बताते हैं 10 प्रमुख सीटों के बारे में, कहां से कौन है मैदान में?

1.   हुबली–धारवाड़ सेंट्रल: इस सीट से कांग्रेस के दिग्गज लिंगाायत नेता जगदीश शेट्टार चुनाव मैदान में हैं। शेट्टार एक समय भाजपा के बड़े नेताओं में से एक माने जाते थे। शेट्टार को भाजपा से टिकट नहीं मिलने पर उन्होंने पार्टी छोड़ दी और कांग्रेस में शामिल हो गए। इसी सीट से जगदीश शेट्टार छह बार के विधायक हैं। वहीं भाजपा से इस सीट पर महेश तेंगिनाकाई को उम्मीदवार बनाया गया है। 

2.   चन्नापट्टन: इस सीट से JD(S) प्रमुख एचडी कुमारस्वामी चुनावी मैदान में हैं। कुमारस्वामी के खिलाफ BJP से सीपी योगेश्वर और कांग्रेस से गंगाधर एस. मैदान में हैं। 2018 में भी यहां से कुमारस्वामी जीते थे। कुमारस्वामी ने भाजपा के सीपी योगेश्वर को 21 हजार से ज्यादा वोट से हराया था। 

3.   शिग्गांव: यह सीट कर्नाटक की प्रमुख सीटों में से एक है। यहां से मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई खुद चुनाव लड़ रहे हैं। उनके खिलाफ यहां कांग्रेस ने यासिर अहमद खान पठान को मैदान में उतारा है। वहीं जेडीएस ने शशिधर चन्नबसप्पा यलीगर को टिकट दिया है। 
बता दें कि शिग्गांव विधानसभा सीट से बोम्मई लगातार तीन बार से चुनाव जीतते आ रहे हैं। बोम्मई ने 2008 से ही इस क्षेत्र पर अपना कब्जा जमाया हुआ है।

4.   वरुणा विधानसभा : कर्नाटक की वरुणा विधानसभा सीट हाई-प्रोफाइल सीटों में से एक है। यहां से कांग्रेस के बड़े नेता और पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया चुनाव मैदान में हैं। सिद्धारमैया के खिलाफ BJP ने कर्नाटक सरकार में मंत्री वी. सोमन्ना को टिकट दिया है। वहीं जेडीएस से डॉ. भारती शंकर मैदान में हैं। 

5.   कनकपुरा: इस सीट से कर्नाटक कांग्रेस के अध्यक्ष डीके शिवकुमार चुनावी मैदान में हैं। शिवकुमार के खिलाफ भाजपा सरकार के राजस्व मंत्री आर अशोक को टिकट मिला है। जेडीएस ने बी नागराजू को उम्मीदवार बनाया है। शिवकुमार इस सीट पर पिछले तीन चुनावों में जीत दर्ज कर चुके हैं। 

6.   अथणी : इस सीट से कर्नाटक के पूर्व उपमुख्यमंत्री लक्ष्मण सावदी कांग्रेस के टिकट पर चुनावी मैदान में हैं। लक्ष्मण सावदी ने हाल ही में BJP छोड़कर कांग्रेस का दामन थामा था। लक्ष्मण सावदी के खिलाफ भाजपा ने महेश कुमाथल्ली ओर जेडीएस ने शशिकांत पदसालगी को उम्मीदवार बनाया है। 

2018 में भाजपा के टिकट पर लड़े सावदी को कांग्रेस के महेश कुमाथल्ली ने हराया था। बता दें कि बाद में बगावत करके महेश भाजपा में शामिल हो गए थे। जिसके बाद हुए उपचुनाव में महेश ने भाजपा के टिकट पर जीत का परचम लहराया था।

7.   शिकारीपुर:  भाजपा के दिग्गज नेता और पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा के बेटे बीवाई विजयेंद्र शिकारीपुर सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। विजयेंद्र को भाजपा ने उम्मीदवार बनाया है। विजयेंद्र के खिलाफ कांग्रेस ने जीबी मलातेश को टिकट दिया है।
 
येदियुरप्पा इस सीट से आठ बार विधायक चुने जा चुके हैं। इस सीट को 1983 से ही येदियुरप्पा का गढ़ माना जाता है। 1983 के बाद से उन्हे इस सीट पर केवल एक बार 1999 में हार का सामना करना पड़ा था। तब उन्हें कांग्रेस के महलिनगप्पा ने हराया था।

8.   सिरसी : इस सीट से भाजपा नेता और कर्नाटक विधानसभा अध्यक्ष विश्वेश्वर हेगड़े कागेरी चुनावी मैदान में हैं। हेगड़े के खिलाफ कांग्रेस ने भीमन्ना नाईक को उम्मीदवार बनाया है। कागेरी यहां पिछले तीन चुनाव से जीतते आ रहे हैं।

9.   होलेनरसीपुर: इस सीट से JD(S) ने पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा के बड़े बेटे एचडी रवन्ना को उम्मीदवार बनाया है। पिछले चुनाव यानी 2018 में भी इस सीट से रवन्ना ने जीत हासिल की थी। रवन्ना के खिलाफ BJP ने देवराजे गौड़ा और कांग्रेस ने श्रेयस एम. पटेल को मैदान में उतारा है। होलेनरसीपुर सीट देवगौड़ा परिवार का गढ़ माना जाता है।

10.   चित्तपुर: इस सीट से कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बेटे प्रियांक खड़गे चुनावी मैदान में हैं। प्रियांक के खिलाफ BJP ने मणिकांता राठौड़ को उम्मीदवार बनाया है। 2018 में इस सीट से प्रियांक खड़गे ने जीत हासिल की थी। कांग्रेस से चुनाव लड़ रहे प्रियांक को 2018 में 69700 वोट मिले थे। 2013 में भी प्रियांक ने यहां से जीत दर्ज की थी।

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in