
नई दिल्ली,एजेंसी। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष चौधरी अनिल ने कहा कि केजरीवाल सरकार महिला सुरक्षा को लेकर गंभीर नहीं है। राजधानी में महिलाएं अपने को असुरक्षित महसूस करती हैं। इनके कार्यकाल में महिला उत्पीड़न, छेड़छाड़, यौन शोषण, छीना झपटी और घरेलू हिंसा के मामले बढ़े हैं। चौधरी ने एक विज्ञप्ति जारी कर कहा कि केजरीवाल द्वारा कांग्रेस सरकार की ‘‘लाडली योजना’’ और महिला सुरक्षा के हेल्पलाइन नम्बर को खत्म कर दिया है। चौधरी अनिल कुमार ने कहा अरविन्द केजरीवाल ने पिछले 09 वर्षों में महिला सुरक्षा और महिला सशक्तिकरण के लिए कुछ नहीं किया है।
केजरीवाल का असली चेहरा उजागर
उन्होंने कहा कि निर्भया कांड के बाद महिला सुरक्षा के लिए आवंटित 390 करोड़ की राशि का सिर्फ 05 प्रतिशत खर्च करना महिला सुरक्षा के प्रति केजरीवाल का असली चेहरा उजागर करता है। चौ. अनिल कुमार ने कहा कि केजरीवाल सरकार सीसीटीवी कैमरे, बसों में मार्शल व महिला सशक्तिकरण की दिशा में पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी घोटाला दिल्ली की जनता के सामने है। सीसीटीवी कैमरों के खराब और सड़कों पर पर्याप्त लाइट के खम्बे नहीं होने के कारण महिलाओं के साथ अपराध अधिक बढे़ हैं, जिस पर केजरीवाल का कोई ध्यान ही नहीं है।