दोषियों पर अविलंब कानूनी कार्रवाई करने एसपी को लिखा पत्र कांग्रेसी कार्यकर्ताओं का यह कृत्य कांग्रेस के चरित्र व सोच को दर्शाता है जगदलपुर, 21 जून (हि.स.)। भाजपा जिला अध्यक्ष रूपसिंह मंडावी ने भाजपा जिला कार्यालय में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा जबरन प्रवेश करने की घटना पर रोष व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशासन की शह पर कांग्रेस की निम्न दर्जे की राजनैतिक गुंडागर्दी है। भाजपा ने इस संबंध में सोमवार को पुलिस अधीक्षक को पत्र लिख कर दोषियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई किये जाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि राजनीति में अपनी बातें कहने के लिये धरना-प्रदर्शन होते हैं, लेकिन किसी आवास या कार्यालय में जबरिया प्रवेश करने का अधिकार कानूनन अपराध की श्रेणी में आता है। सत्ता के घमंड में कांग्रेस राजनैतिक मर्यादाओं को तार-तार कर रही है। भाजपा जिला कार्यालय में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा जबरदस्ती प्रवेश कर गुंडागर्दी करते हुए प्रदर्शन करने का कृत्य अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है, जिसकी जितनी भर्त्सना की जाये,वह कम है। मंडावी ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं का यह कृत्य कांग्रेस के चरित्र व सोच को दर्शाता है। यह आपराधिक कृत्य है, इस पर अविलंब कानूनन कार्रवाई होनी चाहिये। उन्होंने कहा कि इस घटना से प्रशासन की मंशा व विफलता भी स्पष्ट हो गयी है। पुलिस की मौजूदगी में यह घटना हुई है, प्रशासनिक व्यवस्था कहीं दिखाई नहीं पड़ती। कांग्रेस के ढाई वर्ष के कार्यकाल में राजनैतिक अराजगता का बोलबाला हो गया है। भाजपा द्वारा इस कृत्य में लिप्त कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने व अविलंब कानूनी कार्रवाई करने पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखा है। हिन्दुस्थान समाचार/राकेश पांडे




