jagdalpur-golbazar-will-be-arranged-with-a-historical-look
jagdalpur-golbazar-will-be-arranged-with-a-historical-look

जगदलपुर : गोलबाजार को ऐतिहासिक स्वरुप के साथ किया जाएगा व्यवस्थित

जगदलपुर, 26 जून (हि.स.)। शहर के हृदय स्थल पर स्थित ऐतिहासिक महत्व के गेयर बाजार जिसे कालांतर में गोलबाजार के रूप में जाना जाता है। इस बाजार को व्यवस्थित करने के लिए शनिवार को संसदीय सचिव रेखचंद जैन, महापौर सफीरा साहू और कलेक्टर रजत बंसल ने गोलबाजार के व्यापारियों के साथ पुनर्निमाण के संबंध में स्थानीय व्यापारियों से चर्चा की। स्थानीय व्यापारियों की सलाह पर गोलबाजार को व्यवस्थित करने के लिए आयोजित बैठक में नगर निगम की सभापति कविता साहू, नगर निगम आयुक्त प्रेम पटेल, अनुविभागीय दण्डाधिकारी जीआर मरकाम सहित जनप्रतिनिधि, राजस्व विभाग, नगर निगम और लोक निर्माण विभाग के अधिकारी तथा व्यापारी उपस्थित थे। गोल बाजार में आयोजित बैठक में संसदीय सचिव रेखचंद जैन ने इस ऐतिहासिक बाजार को बेहतर और आकर्षक स्वरुप देने में सभी व्यापारियों के सहयोग की अपील करते हुए कहा कि गोलबाजार को व्यवस्थित करने से यहां व्यावसायिक गतिविधियों में तेजी आएगी, जिसका लाभ व्यापारियों को निश्चित तौर पर मिलेगा। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा इस है कि इसे जल्द से जल्द व्यवस्थित कर लिया जाए, जिससे व्यापार अधिक दिनों तक प्रभावित न रहे। महापौर सफीरा साहू ने कहा कि गोलबाजार शहर का प्रमुख व्यापारिक केन्द्र है। यह स्थल ऐतिहासिक घटनाओं का साक्षी है, जिसे संरक्षित करना हम सभी की जिम्मेदारी है। इसकी योजना तैयार करने में सभी के सहयोग की आवश्कता है। कलेक्टर रजत बंसल ने कहा कि शहर के प्रमुख व्यापारिक केन्द्र और ऐतिहासिक गोलबाजार को व्यवस्थित करने की पहल की जा रही है। इस स्थान की ऐतिहासिक महत्व को देखते हुए सुव्यवस्थित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस स्थान को व्यवस्थित करने के लिए प्रारंभिक सर्वेक्षण किया गया है, जिसमें यहां के 140 दुकानदारों को चिन्हांकित किया है। यहां के सभी दुकानदारों की सूची दावा-आपत्ति के लिए सार्वजनिक की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस स्थान का उन्नयन यहां के व्यापारियों के हितों को देखते हुए किया जाएगा। छोटे व्यापारियों को भी यहां स्थान उपलब्ध कराया जाएगा, जो अभी खुले में दुकान का संचालन कर रहे हैं। उन्होंने इस स्थान के बेहतर उन्नयन के लिए व्यापारियों से सुझाव भी लिए। हिन्दुस्थान समाचार, राकेश पांडे

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in