जगदलपुर, 30 जून (हि.स.)। बोधघाट थाना क्षेत्र के संतोषी वार्ड में मंगलवार देर रात पुरानी रंजिश को लेकर दो युवकों में विवाद हो गया। विवाद बढ़ने के बाद एक युवक ने दूसरे युवक पर चाकू से हमला कर दिया। पुलिस ने आरोपित को बुधवार सुबह करीबन 04 बजे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित के निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल चाकू बरामद कर कार्रवाई उपरांत आरोपित रोहित चक्रवर्ती को जेल दाखिल कर दिया है। बोधघाट टीआई धनंजय सिन्हा ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली कि संतोषी वार्ड में देर रात करीबन 12 बजे दो युवकों अजय अधिकारी और रोहित चक्रवर्ती के बीच पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हो गया। इसी दौरान रोहित ने अपने पास रखे चाकू से अजय पर हमला कर दिया। हमला करने के बाद रोहित वहां से फरार हो गया। अज्ञात कॉलर ने इस घटना की सूचना डायल 112 को दे दी, सूचना मिलते ही डायल 112 और बोधघाट पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर घायल युवक को इलाज के लिए डिमरापाल मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। पुलिस तत्काल ही पतासाजी कर चाकूबाजी के आरोपित रोहित चक्रवर्ती को तड़के सुबह करीबन 04 बजे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपित ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। हिन्दुस्थान समाचार/राकेश पांडे





