जगदलपुर, 27 जून(हि.स.)। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजीव शर्मा ने कहा कि, पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह प्रधानमंत्री आवास योजना की बात करके झूठी अफवाह फैला रहे हैं, जबकि कांग्रेस की भूपेश सरकार ने हितग्राहियों के लिए मकान बनाने के कार्य योजना तय कर मूर्त रूप देने का कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 1 लाख 20 हजार आवास बनाने का निर्णय लिया जा चुका है। श्री शर्मा ने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में एक बार भी प्रदेश के विकास को लेकर केंद्र सरकार को एक पत्र भी भेजकर छत्तीसगढ़ के हिस्से का पैसा देने बात भाजपा ने क्यो नहीं कहा। क्या आपने छत्तीसगढ़ के लोगों के हित के लिए चलाई जा रही योजनाओं की एक बार भी तारीफ किया? क्या आपने किसानों का कर्जा माफ से लेकर बिजली बिल हाफ और पहली बार ग्रामीण अर्थव्यवस्था में सुधार को लेकर काम कर रही भूपेश सरकार की तारीफ की, भाजपा के पास इसका कोई जवाब नहीं। राजीव शर्मा ने कहा की सरकार के ढाई साल में किए गए कार्यों का नतीजा है जो भाजपा का शीर्ष नेतृत्व इस कदर डरा हुआ है कि अभी से केंद्रीय नेता रायपुर के दौड़ लगाने को मजबूर हैं। भाजपा के नेता आखिर किस बात को लेकर जनता के बीच जाएंगे यह समझ से परे हैं। वैसे भी प्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा तो मिला नहीं है। इसलिए केंद्र सरकार की हर योजना में प्रदेश का हिस्सेदारी तय होती है, जैसे कि प्रधानमंत्री आवास योजना में 40 प्रतिशत राज्य सरकार खर्च वहन करती है। केंद्र सरकार जिस दिन छत्तीसगढ़ सरकार को जीएसटी और कोयले की रॉयल्टी का पैसा शत-प्रतिशत वापस कर देगी तो निश्चित रूप से राज्य सरकार की सारी योजनाएं आगामी वर्षों में पूर्ण हो जाएगी। हिन्दुस्थान समाचार/ राकेश पांडे





