मुश्किल भरे समय में संयुक्त राष्ट्र परिवार भारत के साथ: गुटेरेश
संयुक्त राष्ट्र, 30 अप्रैल (हि.स.)। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुटेरेश ने कहा है कि भारत भयावह कोरोना की लहर का सामना कर रहा है और इस मुश्किल भरे समय में संयुक्त राष्ट्र परिवार भारत के साथ खड़ा है। संयुक्त राष्ट्र कोरोना की इस भयावह लहर का मुकाबला करने के लिए भारत को सहयोग देने के लिए तैयार है। गुतरेस ने गुरुवार को ट्वीट कर कहा कि भारत भयावह कोरोना की लहर का सामना कर रहा है और इस मुश्किल भरे समय में संयुक्त राष्ट्र परिवार इसके साथ खड़ा है। इस ट्वीट के संबंध में संयुक्त राष्ट्र के राजदूत टीएस तिरूमूर्ति ने ट्वीट कर कहा है कि भारत इस समय आपकी भावनाओं और एकजुटता की सराहना करता है। इससे पहले संयुक्त राष्ट्र महासभा के अध्यक्ष वेलकन बोजकिर ने ट्वीट कर रहा था कि वह भारत में कोरोना की स्थिति को लेकर चिंतित हैं। उन्होंने कहा कि भारत ऐसा देश है जिसने कमजोर देशों को वैक्सीन उपलब्ध कराने के लिए बहुत कुछ किया है। यह दुनिया के लिए भारत को सहायता देने का समय है। जब तक हम सभी सुरक्षित नहीं है तब तक कोई सुरक्षित नहीं है। उन्होंने कहा कि इस समय वह भारत के लोगों के साथ हैं। उल्लेखनीय है कि भारत इस समय कोरोना की भयावह लहर का सामना कर रहा है। देश में 18 मिलियन से अधिक लोग कोरोना से संक्रमित हैं और 2 लाख से अधिक लोगों की कोरोना के कारण मौत हो गई है। विश्व के 40 से अधिक देशों ने भारत की मदद के लिए हाथ आगे बढ़ाया है। इनमें जापान, बैंकॉक, संयुक्त अरब अमीरात, थाईलैंड, सिंगापुर, बांग्लादेश, भूटान, फ्रांस, श्रीलंका आदि शामिल हैं। हिन्दुस्थान समाचार/सुप्रभा सक्सेना