नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाया है। ट्रंप ने साफ शब्दों में कहा है कि जो भी देश ईरान के साथ व्यापार करेगा, उसे अमेरिका के साथ होने वाले हर व्यापार पर 25 प्रतिशत टैरिफ देना पड़ेगा। ट्रंप ने यह बयान अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर दिया। उन्होंने लिखा कि यह नियम तुरंत लागू होगा और इसमें किसी तरह की ढील नहीं दी जाएगी।
इन देशों पर पड़ सकता है सबसे ज्यादा असर
एसोसिएटेड प्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, चीन, ब्राजील, तुर्की और रूस जैसे देशों के ईरान के साथ मजबूत व्यापारिक रिश्ते हैं। ऐसे में ट्रंप के इस फैसले का सीधा असर इन देशों की अर्थव्यवस्था पर पड़ सकता है। विशेषज्ञों का मानना है कि अगर ये देश ईरान से कारोबार जारी रखते हैं, तो उन्हें अमेरिकी बाजार में भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है। डोनाल्ड ट्रंप पहले भी कई बार ईरान पर सख्त कार्रवाई की बात कह चुके हैं। उन्होंने कहा है कि अमेरिका ईरान के अधिकारियों और विपक्षी नेताओं दोनों से संपर्क में है। ट्रंप ने ईरान में हो रही हिंसा और प्रदर्शनकारियों की मौत पर भी नाराजगी जताई है। उन्होंने यह भी संकेत दिए हैं कि अगर हालात नहीं सुधरे तो सैन्य कार्रवाई भी एक विकल्प हो सकती है। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने साफ किया है कि अमेरिका की पहली प्राथमिकता अब भी बातचीत है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप चाहते हैं कि मुद्दे का समाधान बातचीत के जरिए निकाला जाए, लेकिन जरूरत पड़ने पर कड़ा कदम उठाने से भी पीछे नहीं हटेंगे। लेविट ने यह भी कहा कि ईरान की तरफ से अमेरिका को साफ संदेश नहीं मिल रहे हैं। बाहर कुछ और कहा जा रहा है, जबकि अंदरूनी बातचीत में अलग बातें सामने आ रही हैं।
ईरान में भड़के हुए हैं हालात, सड़कों पर उतर रहे हैं लोग
ईरान में पिछले कुछ महीनों से सरकार के खिलाफ बड़े पैमाने पर प्रदर्शन हो रहे हैं। शुरुआत आर्थिक संकट से हुई थी, लेकिन अब ये प्रदर्शन सरकार हटाने की मांग तक पहुंच चुके हैं। बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और कमजोर होती अर्थव्यवस्था से लोग नाराज हैं। हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि कई जगहों पर हिंसक झड़पें भी देखने को मिली हैं। ट्रंप के इस नए ऐलान से अंतरराष्ट्रीय राजनीति में हलचल तेज हो गई है।





