नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । ब्रिटेन दौरे पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत को लेकर बड़ा बयान दिया। पत्रकारों से बातचीत में ट्रंप ने कहा कि वह भारत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बेहद करीब हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच दोस्ती मजबूत है और यह रिश्ता आगे और गहराएगा।
डोनाल्ड ट्रंप का भारत को लेकर बड़ा बयान
ब्रिटेन में मौजूद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जहां भारत और पीएम मोदी से करीबी रिश्तों की बात कही, वहीं यूरोपीय देशों पर रूसी तेल खरीदने को लेकर तीखा हमला बोला। ट्रंप की यह टिप्पणी यूरोप की धरती से दी गई, जिसने कूटनीतिक हलचल तेज कर दी है।
ट्रंप ने की यूरोपीय देशों की आलोचना
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर के साथ खड़े अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यूरोपीय देशों पर निशाना साधा। ट्रंप ने कहा कि रूस से लगातार तेल खरीदना मॉस्को को अलग-थलग करने की वैश्विक कोशिशों को कमजोर करता है। उन्होंने यूरोप से इस नीति पर पुनर्विचार की अपील की।
यूरोपीय देश बड़ी मात्रा में खरीद रहे रुसी तेल
ट्रंप ने कहा, “मुझे जानकारी है कि यूरोपीय देश बड़ी मात्रा में रूस से तेल खरीद रहे हैं। आप जानते हैं, मैं भारत और प्रधानमंत्री मोदी के बेहद करीब हूं। हाल ही में उनसे बात कर जन्मदिन की शुभकामनाएं भी दीं। हमारे रिश्ते मजबूत हैं, लेकिन मैंने उन पर टैरिफ भी लगाए हैं।”
‘रुस पर समझौते का दबाव’
ट्रंप ने आगे कहा, “फिलहाल चीन अमेरिका को भारी मात्रा में टैरिफ दे रहा है और मैं और कदम उठाने के लिए तैयार हूं। लेकिन विडंबना यह है कि जिन यूरोपीय देशों के लिए मैं लड़ रहा हूं, वही रूस से तेल खरीद रहे हैं। तेल की कीमतें घटीं तो रूस आसानी से समझौते पर आ जाएगा।”
कुछ टैरिफ वापस ले सकता अमेरिका
भारत-अमेरिका व्यापार तनाव में नरमी के संकेत मिले हैं। अमेरिका भारत पर लगाए गए कुछ टैरिफ वापस ले सकता है। भारत के चीफ इकोनॉमिक एडवाइजर वी. अनंत नागेश्वरन ने गुरुवार को बताया कि, कुछ आयात शुल्क 30 नवंबर के बाद हटाए जाएंगे। इससे द्विपक्षीय संबंधों में सुधार की उम्मीद है।





