नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का प्रशासन अपने मौजूदा ट्रैवल बैन (यात्रा प्रतिबंध) के विस्तार की तैयारी कर रहा है। होमलैंड सिक्योरिटी सचिव क्रिस्टी नोएम ने पुष्टि की है कि यह प्रतिबंध वर्तमान में शामिल 19 देशों से बढ़ाकर 30 से अधिक देशों पर लगाया जाएगा।यह कदम ऐसे समय में उठाया जा रहा है जब ट्रंप प्रशासन ने प्रवासन (Immigration) को लेकर अपनी नीतियों को और सख्त कर दिया है।
30 से ज़्यादा देश होंगे लिस्ट में शामिल
होमलैंड सिक्योरिटी सचिव क्रिस्टी नोएम ने गुरुवार को फॉक्स न्यूज के कार्यक्रम द इन्ग्राहम एंगल में दिए एक इंटरव्यू में यह जानकारी दी। नोएम ने कहा, मैं सटीक संख्या नहीं बताऊंगी, लेकिन यह 30 से ज़्यादा है और राष्ट्रपति ट्रंप लगातार विभिन्न देशों का मूल्यांकन कर रहे हैं। नोएम ने प्रतिबंध लगाने के पीछे का कारण बताते हुए कहा, अगर किसी देश की सरकार स्थिर नहीं है, अगर वो देश अपने नागरिकों की पहचान की पुष्टि करने में हमारी मदद नहीं कर सकता, तो हम क्यों उस देश के लोगों को अमेरिका आने दें?
किन देशों पर लगेगा ट्रैवल बैन?
नोएम ने अभी तक उन नए देशों के नाम स्पष्ट नहीं किए हैं जिन्हें इस सूची में जोड़ा जाएगा। एक चर्चित मीडिया ने पहले रिपोर्ट किया था कि, ट्रंप प्रशासन 36 और देशों पर ट्रैवल बैन लगाने पर विचार कर रहा है। यह प्रतिबंध उन प्रवासन कदमों में एक और बड़ा कदम होगा, जो प्रशासन ने हाल ही में लिए हैं।
व्हाइट हाउस हमले के बाद सख्ती
ट्रंप प्रशासन ने ये नियम पिछले हफ्ते वॉशिंगटन डीसी में हुई एक घटना के बाद सख्त किए हैंव्हाइट हाउस के पास हुए एक हमले में दो नेशनल गार्ड सदस्यों को गोली लगी थी।जांचकर्ताओं के अनुसार, गोलीबारी करने वाला व्यक्ति एक अफगान नागरिक था।इस घटना के कुछ दिनों बाद ही ट्रंप ने वादा किया था कि वह सभी तीसरी दुनिया के देशों से आने वाले प्रवासन को स्थायी रूप से रोक देंगे, हालांकि उन्होंने तीसरी दुनिया की कोई स्पष्ट परिभाषा नहीं दी थी। इससे पहले, होमलैंड सिक्योरिटी विभाग के अधिकारियों ने यह भी बताया था कि ट्रंप ने अपने पूर्ववर्ती राष्ट्रपति जो बाइडेन के शासन के दौरान मंजूर हुए शरण (Asylum) मामलों और 19 देशों के नागरिकों को जारी हुए ग्रीन कार्ड्स की व्यापक समीक्षा का भी आदेश दिया है।




