नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फ्रांस के बाद अब दो दिवसीय अमेरिकी दौरे पर हैं। वे यहां वॉशिंगटन डीसी के ब्लेयर हाउस में ठहरे हैं। इस होटल को दुनिया का सबसे एक्सक्लूसिव होटल माना जाता है, इसी होटल में जवाहर लाल नेहरू भी रुक चुके हैं। वांशिंगटन डीसी पहुंचते ही मोदी की पहली मुलाकात अमेरिका की राष्ट्रीय खुफिया निदेशक तुलसी गाबार्ड से हुई। इसके बाद मोदी नए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के अलावा DOGE प्रमुख एलन मस्क समेत कई बड़ी हस्तियों के साथ मुलाकात करेंगे।
भारत-यूएसए मैत्री के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की
पीएम मोदी ने अमेरिका पहुंचते ही एक्स पर एक पोस्ट भी लिखी है। जिसमें उन्होंने लिखा कि ‘’वाशिंगटन डीसी में यूएसए की राष्ट्रीय खुफिया निदेशक तुलसी गबार्ड से मुलाकात हुई है। उन्हें नियुक्ति की बधाई दी। भारत-यूएसए मैत्री के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की, जिसकी वे हमेशा से प्रबल समर्थक रही हैं।”
यहां रुके प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
अमेरिका की यात्रा के दौरान पीएम मोदी का ठिकाना ब्लेयर हाउस है। उनके पहुंचने से पहले ब्लेयर हाउस में भारतीय तिरंगा लहरा रहा था, जो ये दिखाता है कि यह राजनयिक यात्रा कितनी अहम है।
जानिए ब्लेयर हाउस की खासियत
प्रेसिडेंट गेस्ट हाउस ब्लेयर हाउस दुनिया के सबसे एक्सक्लूसिव होटलों में शुमार है। एक जानकारी के अनुसार यह हाउस का क्षेत्रफल 70 हजार स्क्वॉयर फीट है। जिसे चार टाउनहाउस से जोड़ा गया है। इस होटल में 14 गेस्ट बेडरूम, 35 बाथरूम, 3 बड़े डाइनिंग रूम और 119 रूम हैं। होटल की दीवारों पर अमेरिकी इतिहास और शिल्पकला को उकेरा गया है।
नेहरू अपनी बेटी इंदिरा गांधी के साथ रुके थे
दुनिया के कई गणमान्य यहां की गेस्ट लिस्ट में शामिल हैं। भारत के पूर्व पीएम जवाहरलाल नेहरू भी बेटी इंदिरा गांधी के साथ यहां 19 दिसंबर 1956 में रुके थे। गेस्ट लिस्ट में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, दक्षिण अफ्रीका के पूर्व राष्ट्रपति नेल्सन मंडेला, क्वीन एलिजाबेथ द्वितीय और ब्रिटेन की पूर्व पीएम मार्ग्रेट थेचर शामिल हैं। द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान अमेरिकी सरकार ने इसे खरीद लिया था। तब से ही ये राष्ट्रपति के गेस्ट हाउस के तौर पर काम कर रहा है। इसकी देखरेख का जिम्मा विदेश मंत्रालय संभालता है। यहां रुकने वालों में राष्ट्रों के प्रमुख, राजदूत और अन्य गणमान्य होते हैं
आज होगी मोदी-ट्रंप की मुलाकात
मोदी और ट्रंप की मुलाकात अहम मानी जा रही है। बैठक में कई द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है। हालांकि, मोदी की यात्रा के दौरान क्या एजेंडा होगा, इस पर अब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
इसलिए खास मानी जा रही वार्ता
पीएम मोदी की यह यात्रा ऐसे समय हो रही है जब ट्रंप ने विभिन्न देशों से आयात किए जाने वाले सामान पर शुल्क लगाने की धमकी दे रहे हैं। मोदी की यात्रा से पहले पंजाब के 30 लोगों सहित 104 अवैध भारतीय प्रवासियों को लेकर एक अमेरिकी सैन्य विमान पांच फरवरी को अमृतसर हवाई अड्डे पर उतरा था। यह अवैध प्रवासियों के खिलाफ कार्रवाई के तहत ट्रंप प्रशासन द्वारा निर्वासित किया जाने वाला भारतीयों का पहला जत्था था।





