नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। कई महीनों की अनिश्चितता और बढ़ते व्यापारिक दबाव के बाद भारत और अमेरिका के बीच लंबे समय से अटकी ट्रेड डील आखिरकार तय हो गई है। यह समझौता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच हुई एक फोन कॉल के बाद सामने आया। ट्रंप ने खुद सोशल मीडिया पर इसकी घोषणा करते हुए कहा कि अब भारत पर अमेरिकी टैरिफ 25 फीसदी नहीं, बल्कि 18 फीसदी रहेगा।
इस एक फैसले से भारत-अमेरिका व्यापार संबंधों में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। आइए आसान भाषा में समझते हैं कि इस डील से क्या-क्या बदला।
अमेरिकी टैरिफ 25% से घटकर 18%
ट्रंप ने बताया कि भारत से आयात होने वाले सामान पर लगाया गया रेसिप्रोकल टैरिफ अब 18 फीसदी होगा। पहले यह 25 फीसदी था, जबकि कुछ मामलों में रूसी तेल के कारण कुल टैरिफ 50 फीसदी तक पहुंच गया था। अब अमेरिकी प्रशासन ने साफ किया है कि भारत पर फाइनल टैरिफ 18% ही रहेगा, हालांकि कागजी प्रक्रिया में थोड़ा समय लग सकता है।
रूसी तेल पर लगाया गया अतिरिक्त शुल्क हटाया
अमेरिका ने भारत पर लगाया गया वह अतिरिक्त 25 फीसदी टैरिफ भी हटा दिया है, जो रूस से तेल खरीदने की वजह से लगाया गया था। ट्रंप और अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि भारत रूस से तेल खरीद कम करने पर राजी हुआ है, इसी वजह से यह राहत दी गई है। अगस्त 2025 में अमेरिका ने भारत से जाने वाले कई उत्पादों पर टैरिफ बढ़ाकर 50 फीसदी तक कर दिया था। इससे इंजीनियरिंग सामान, कपड़े, केमिकल और ऑटो पार्ट्स जैसे सेक्टर बुरी तरह प्रभावित होने वाले थे। नई ट्रेड डील के साथ अमेरिका ने उस पुराने फैसले को लगभग पूरी तरह वापस ले लिया है।
भारत अमेरिका से क्या-क्या खरीदेगा?
डोनाल्ड ट्रंप के मुताबिक, भारत आने वाले समय में अमेरिका से 500 अरब डॉलर से ज्यादा के सामान खरीदेगा। इसमें शामिल हैं ऊर्जा (तेल-गैस), तकनीक, कृषि उत्पाद कोयला और अन्य औद्योगिक सामान साथ ही भारत भी अमेरिकी उत्पादों पर अपने टैरिफ और गैर-टैरिफ बाधाओं को धीरे-धीरे शून्य करने की दिशा में काम करेगा। ट्रंप ने साफ संकेत दिए कि इस डील का बड़ा ट्रिगर पॉइंट रूसी तेल रहा है।
उन्होंने कहा कि भारत, रूस से तेल खरीद कम करेगा और इसके बदले अमेरिका व संभवतः वेनेजुएला से ज्यादा तेल-गैस खरीदेगा। यह फैसला सिर्फ व्यापार नहीं, बल्कि भू-राजनीति और वैश्विक सुरक्षा से भी जुड़ा माना जा रहा है।
PM मोदी ने जताया आभार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस समझौते का स्वागत करते हुए राष्ट्रपति ट्रंप का धन्यवाद किया। उन्होंने X पर लिखा कि मेड इन इंडिया उत्पादों पर अब केवल 18% टैरिफ लगेगा। यह 1.4 अरब भारतीयों के लिए शानदार खबर है। पीएम मोदी ने कहा कि जब दुनिया की दो बड़ी अर्थव्यवस्थाएं और सबसे बड़े लोकतंत्र साथ काम करते हैं, तो नए अवसर खुलते हैं।





