नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 लोगों की जान चली गई है। ये हमला अनंतनाग जिले के बाइसरन इलाके में हुआ, जहां पर्यटकों को निशाना बनाया गया। हमले के बाद राष्ट्रीय राइफल्स, CRPF और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने मिलकर बड़ा सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी सऊदी यात्रा को बीच में छोड़कर भारत लौट आए हैं।
दुनियाभर से भारत को मिला समर्थन
इस दर्दनाक घटना के बाद दुनिया भर के कई देशों ने भारत के प्रति समर्थन और एकजुटता दिखाई है। अमेरिका, रूस, इटली, इजराइल, ऑस्ट्रेलिया, फ्रांस, जापान, जर्मनी, यूक्रेन, श्रीलंका, नेपाल, बांग्लादेश, ईरान समेत कई देशों ने इस हमले की निंदा की और भारत के साथ खड़े होने का संदेश दिया।
अमेरिका ने दिया हरसंभव मदद का भरोसा
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री मोदी को फोन कर हमले पर दुख जताया और कहा कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में अमेरिका भारत के साथ है।
रूस और इजराइल ने जताई संवेदना
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने इस हमले को “क्रूर और अमानवीय” बताया और कहा कि रूस भारत के साथ आतंकवाद के खिलाफ खड़ा है। इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी कहा कि इस कठिन समय में इजराइल भारत के साथ है। यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने इस हमले को “जघन्य” बताया और भारतीय लोगों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। यूरोपीय संघ की ओर से कहा गया कि वे आतंकवाद के खिलाफ भारत के साथ खड़े हैं।
ऑस्ट्रेलिया, डेनमार्क, यूके और अन्य देशों का समर्थन
ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज़ ने इस हमले को “अत्यंत दुखद” बताया और कहा कि ऑस्ट्रेलिया इस हिंसा की निंदा करता है। डेनमार्क और ब्रिटेन के प्रधानमंत्रियों ने भी संवेदना जाहिर की और आतंकवाद के खिलाफ भारत के साथ सहयोग का भरोसा दिया।
भारत अकेला नहीं, पूरी दुनिया साथ
इस दर्दनाक हमले के बाद साफ हो गया है कि भारत आतंकवाद के खिलाफ अकेला नहीं है। दुनियाभर के कई देशों ने इस मुश्किल घड़ी में भारत के साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया है और पीड़ितों के प्रति गहरी संवेदनाएं जाहिर की हैं।





