नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर के बलूचिस्तान इलाके में बलूच लिबरेशन आर्मी ने जाफर एक्सप्रेस को हाइजैक कर लिया है। BLA ने दावा किया है कि उसने ट्रेन में सवार पाकिस्तान आर्मी के 30 जवानों को मार डाला है, वहीं पाकिस्तान सरकार की तरफ से दावा किया गया है कि 100 से ज्यादा बंधकों को रिहा कर लिया गया है। अब खबर है कि BLA के लड़ाके ट्रेन के अंदर बंधकों के साथ सुसाइड वेस्ट पहनकर बैठे हैं। इसके चलते पाकिस्तान आर्मी के लिए ऑपरेशन और जटिल हो गया है।
पाकिस्तानी मीडिया आउटलेट Dawn के मुताबिक, पाकिस्तानी सुरक्षाबलों ने 155 यात्रियों को रेस्क्यू कर लिया है और BLA के 27 लड़ाकों को मार गिराया है। रिपोर्ट के मुताबिक, जिस जगह पर Jaffer Express हाईजैक किया गया है वह क्वेटा से 157 किलोमीटर दूर है। ट्रेन में 400 से ज्यादा यात्री सवार थे, जिनमें से 155 को रेस्क्यू कर लिया गया है। इनमें से 37 लोग घायल हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पतालों में रखा गया है।
Suicide Vests पहनकर बैठे हैं विद्रोही
Dawn ने पाकिस्तान रेडियो को कोट करते हुए लिखा, ‘इस हमले में शामिल BLA के लोग अफगानिस्तान में अपने हैंडलर्स के संपर्क में है। विद्रोहियों ने मासूम यात्रियों के साथ सुसाइड बॉम्बर्स को बैठाया हुआ है।’ रेडियो पाकिस्तान के मुताबिक, विद्रोही मासूम लोगों को ह्यूमन शील्ड की तरह इस्तेमाल कर रहे हैं। इसके साथ ही सुसाइड बॉम्बर्स ने महिलाओं और बच्चों को तीन अलग-अलग स्थान पर रखा हुआ है। पाकिस्तान रेडियो ने जानकारी दी कि बंधकों की सुरक्षा को देखते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन में पूरी सावधानी बरती जा रही है।
दुर्गम इलाका, रेस्क्यू में आ रही परेशानी
पाकिस्तानी मीडिया के मुताबिक, इलाका दुर्गम होने की वजह से रेस्क्यू ऑपरेशन में परेशानी आ रही है। इसके साथ ही पाकिस्तानी ऑफिशियल्स ने कम से कम 10 लोगों के मारे जाने की आशंका जाहिर की है। इनमें ट्रेन के ड्राइवर और सुरक्षा बल के 8 जवान शामिल हैं।
कैसे हुआ Train Hijack
पाकिस्तानी रेलवे के मुताबिक, ट्रेन सुबह 9 बजे क्वेटा से पेशावर के लिए चली थी। ट्रेन की 9 बोगियों में 450 यात्री सवार थे। इनमें सुरक्षाबल के करीब 200 जवान भी शामिल थे। रेलवे के मुताबिक, इस ट्रेन में 750 यात्रियों ने बुकिंग कराई थी, हालांकि जब ट्रेन क्वेटा से चली तब 450 यात्री ही इसमें सवार थे। करीब 1 बजे रेलवे को सूचना मिली कि ट्रेन पर हमला हुआ है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ट्रेन एक टनल से होकर गुज़र रही थी, टनल से बाहर निकलते ही रॉकेट और गोलियों से हमला हुआ, जिसके बाद ट्रेन रुक गई।





