Asian Games 2023: भारतीय पुरुष टीम ने हॉकी में सिंगापुर को दी करारी शिकस्त, वॉलीबॉल-स्क्वैश में पाक से मुकाबला

Asian Games 2023 hockey: पीपुल्स रिपब्लिक ऑफ चाइना के हांगझोऊ में आयोजित एशियन गेम्स में भारत का शानदार प्रदर्शन जारी है। भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने पूल-ए के दूसरे मैच में सिंगापुर को 16-1 से हराया।
हॉकी में आज का मुकाबला।
हॉकी में आज का मुकाबला।सोशल मीडिया।

नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। पीपुल्स रिपब्लिक ऑफ चाइना के हांगझोऊ में आयोजित एशियन गेम्स में भारत का शानदार प्रदर्शन जारी है। गेम्स के तीसरे दिन मंगलवार की सुबह भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने पूल-ए के दूसरे मैच में सिंगापुर को 16-1 से हराया। भारतीय टीम से मंदीप सिंह (12वें, 30वें, 51वें मिनट में), ललित उपाध्याय (16वें मिनट), गुरजंत सिंह (22वें मिनट), विवेक सागर प्रसाद (23वें मिनट), मनप्रीत सिंह (37वें मिनट), शमशेर सिंह (38वें मिनट), अभिषेक (51वें और 52वें मिनट), वरुण कुमार (55वें मिनट में दो गोल) और हरमनप्रीत सिंह (24वें, 39वें, 40वें और 42वें मिनट) ने गोल किया। सिंगापुर से ज़ुल्करनैन जकी ने सिर्फ गोल दागा। वहीं, आज पाकिस्तान के साथ दो दिलचस्प मुकाबले खेले जाएंगे। वॉलीबॉल और स्क्वैश में भारतीय टीम का पाकिस्तान से मुकाबला होगा।

फाइनल में पहुंचेंगी टॉप-2 टीमें

तीन बार के एशियाई खेल चैंपियन भारत ने एशियाई खेल 2023 पुरुष हॉकी पूल ए स्टैंडिंग में टॉप पर अपने स्थान को और मजबूत किया। हर पूल से शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। FIH रैंकिंग में तीसरे स्थान पर काबिज भारत ने पहले मिनट से आक्रामक शुरुआत की। गेंद पर नियंत्रण रखा। शुरुआती दौर में मेन इन ब्लू के पास गोल करने के कुछ मौके आए, लेकिन वह गोलपोस्ट तक गेंद नहीं पहुंचा सके।

12वें मिनट में भारत का पहला गोल

मंदीप ने भारत के लिए पहला गोल 12वें मिनट में किया। भारत ने पहले क्वार्टर में सिंगापुर पर 1-0 की बढ़त बनाई। मंदीप को गुरजंत सिंह ने डी बॉक्स में एक सटीक पास दिया और उन्होंने गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचाया। दूसरे हाफ में 16वें मिनट में ललित उपाध्याय ने शानदार फील्ड गोल कर टीम की बढ़त को दोगुना किया। 22वें, 23वें और 24वें मिनट में क्रमशः गुरजंत सिंह, विवेक सागर प्रसाद और कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने तीन गोल कर स्कोर को 5-0 किया। मुकाबले पर मजबूत पकड़ बना ली।

हरमनप्रीत बिग्रेड ने बनाए रखा दबदबा

पहले हाफ के खत्म होने से ठीक पहले 30वें मिनट में मंदीप ने मैच में दूसरा गोल किया और भारत ने 6-0 की बढ़त बना ली। दूसरे हाफ में हरमनप्रीत ब्रिगेड ने शुरू से सिंगापुर पर दबदबा बनाए रखा। 37वें मिनट में मनप्रीत ने पेनल्टी कॉर्नर के मौके का इस्तेमाल कर टीम का 7वां गोल किया।

हरमनप्रीत ने लगातार दो गोल दागे

एक ओर सिंगापुर की टीम भारतीय डिफेंस के सामने संघर्ष करते दिखी, वहीं भारत स्कोर में इजाफा जारी रखा। 38वें मिनट में शमशेर सिंह ने 8वां गोल किया। फिर कप्तान हरमनप्रीत ने 39वें और 40वें मिनट में दो पेनल्टी कॉर्नर का फायदा उठाकर लगातार दो गोल दागे। इसके बाद अभिषेक और मंदीप सिंह ने 51वें मिनट में दो गोल कर सिंगापुर को पस्त कर दिया। अभिषेक ने 52वें में मिनट एक और गोल कर भारत को 14-0 की अजेय बढ़त दिलाई।

53वें मिनट में सिंगापुर ने पहला गोल दागा

55वें मिनट में वरुण ने लगातार दो पेनल्टी कॉर्नर से गेंद को गोल तक पहुंचाया, जो भारत के लिए 15वां और 16वां गोल था। 53वें मिनट में सिंगापुर ने मैच में पहला गोल किया, जो जुल्करनैन जकी की स्टिक से आया। ऐसे इस मुकाबले में हरमनप्रीत की टीम ने 16-1 के अंतर से जीत दर्ज की। इससे पहले टीम ने 24 सितंबर को उज़्बेकिस्तान को 16-0 से शिकस्त दी थी।

28 को जापान से भिड़ंत

हरमनप्रीत की टीम तीसरे मुकाबले में 28 सितंबर को शाम 6:15 बजे जापान से भिड़ेगी। इसके बाद 30 सितंबर को चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ खेलेगी।

शूटिंग में मेडल की उम्मीदें

आज वॉलीबॉल और स्क्वैश में भारतीय टीम का पाकिस्तान से मुकाबला होगा। भारतीय शूटिंग टीम पर लोगों की नजरें रहेंगी। 10 मीटर एयर राइफल मिश्रित टीम से भारतीय प्रशसंकों को पदक की उम्मीद है। फेंसर भवानी देवी भी महिलाओं की व्यक्तिगत स्पर्धा में पदक ला सकती हैं। भारतीय नाविकों के लिए एशियाई खेल में आज का दिन काफी अहम है। इनके लिए कई इवेंट आयोजित हुए हैं। ओलंपियन केसी गणपति-वरुण ठक्कर (49er), सिद्धेश्वर इंदर डोईफोडे-राम्या सरवनन (Nacra 17), सुधांशु शेखर-प्रीति कोंगारा - (470), नेहा ठाकुर (ILCA4), हर्षिता तोमर-शीतल वर्मा (49erFX) और इबाद अली (पुरुष) RS:X) सभी एथलीट मेडल के लिए उतरेंगे। जुडोका अवतार सिंह (पुरुष -100 किग्रा), इंदुबाला देवी माईबम (महिला -78 किग्रा) और तूलिका मान (महिला +78 किग्रा) भी मंगलवार को पोडियम पर जगह पाने को तैयार हैं।

अन्य खबरों के लिए क्लिक करें :- www.raftaar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in