नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर भारत-पाकिस्तान युद्ध को रोकने का दावा किया है। संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) के 80वें सत्र में उन्होंने कहा कि अपने कार्यकाल में उन्होंने भारत-पाकिस्तान समेत सात युद्धों को समाप्त कराने में सफलता पाई है।
संयुक्त राष्ट्र महासभा में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि सिर्फ सात महीनों में उन्होंने सात युद्ध रोक दिए। इनमें कंबोडिया-थाईलैंड, कोसोवो-सर्बिया, कांगो-रवांडा, भारत-पाकिस्तान, इज़राइल-ईरान, मिस्र-इथियोपिया और आर्मेनिया-अजरबैजान शामिल हैं।
7 महीनों में रुकवाए सभी जंग – ट्रंप
यूएन महासभा में ट्रंप ने दावा किया, “मैंने सात युद्ध समाप्त किए हैं, ऐसा कोई राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री या देश कभी नहीं कर पाया। सिर्फ सात महीनों में यह हासिल किया और इससे मैं बेहद सम्मानित महसूस कर रहा हूं। यह इतिहास में पहली बार हुआ है।”
संयुक्त राष्ट्र ने क्यों नहीं किया ये काम
ट्रंप ने यूएन में कहा, “यह बहुत दुखद है कि यह काम मुझे करना पड़ा। संयुक्त राष्ट्र ने इनमें से किसी भी मामले में मदद करने की कोशिश नहीं की। मैंने सात युद्धों को समाप्त किया, सभी देशों के नेताओं से बात की, लेकिन संयुक्त राष्ट्र की ओर से एक भी कॉल नहीं आई सहयोग की पेशकश करने के लिए।”
संयुक्त राष्ट्र पर उठाए सवाल, बीच में टेलीप्रॉम्प्टर खराब
ट्रंप ने यूएन में सवाल उठाया, “संयुक्त राष्ट्र का उद्देश्य क्या है? इतनी बड़ी क्षमता होने के बावजूद यह ज्यादातर मामलों में उस क्षमता तक भी पहुँच नहीं पा रहा है।” यूएन में भाषण शुरू होने पर ट्रंप ने टेलीप्रॉम्प्टर न काम करने की बात कहते हुए हंसते हुए कहा, “जो भी इसे चला रहा है, वह बड़ी मुसीबत में है। मैं बस इतना ही कह सकता हूँ।”
पुराने कार्यकाल का जिक्र, देश में क्या बोले
यूएन में बोलते हुए ट्रंप ने अपने पहले व्हाइट हाउस कार्यकाल का जिक्र किया और कहा, “छह साल हो गए जब मैं आखिरी बार इस भव्य हॉल में खड़ा था, उस समय विश्व मेरे पहले कार्यकाल में समृद्ध और शांतिपूर्ण था।” ट्रंप ने कहा, “उस दिन से युद्ध की बंदूकों ने मेरे द्वारा स्थापित शांति को दो महाद्वीपों में नष्ट कर दिया। पिछले चार साल में अमेरिका में कमजोरी, अराजकता और कट्टरवाद ने देश को बार-बार संकट की ओर धकेल दिया।”





