काबुल, 30 जनवरी (आईएएनएस)। तालिबान के कार्यवाहक स्वास्थ्य मंत्री कलंदर इबाद ने देश भर के अफगानों से आग्रह किया है कि वे वायरस के प्रसार को रोकने के लिए सामूहिक प्रयास के रूप में कोविड -19 के खिलाफ टीका लगवाएं। खामा प्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, शनिवार को एक वीडियो संदेश में, एबाद ने कहा कि खुद की रक्षा करना इस्लाम धर्म के दायित्वों में से एक है और यह वैक्सीन कोविड -19 से लड़ने का सबसे प्रभावी तरीका है। कार्यवाहक स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सौभाग्य से, अफगानिस्तान ने कोविड -19 टीकों की लाखों खुराक का आयात किया है जो अब सभी 34 प्रांतों के केंद्रों में उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि हालांकि अफगानिस्तान में कोविड-19 की स्थिति इतनी गंभीर नहीं है, लेकिन लोगों को सतर्क रहना चाहिए और एहतियाती उपायों का पालन करना चाहिए क्योंकि महामारी अभी भी प्रचलित है। इससे पहले, मंत्रालय ने कहा था कि उन्हें पूरे अफगानिस्तान में दैनिक आधार पर कोविड -19 वैक्सीन की 21,000 खुराक दी जा रही हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन के आंकड़ों के मुताबिक अब तक कुल 5,081,064 टीके की खुराक दी जा चुकी है। 2020 की शुरूआत में महामारी की शुरूआत के बाद से, अफगानिस्तान में कुल 161,290 कोरोनावायरस मामले साामने आए है, और 7,405 मौतें हुई हैं। –आईएएनएस एमएसबी/आरजेएस




