
नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। त्योहारी सीजन शुरू है। शादियों का मौसम आने वाला है। इस कारण सोने की मांग खूब बढ़ी है। वहीं, सोने के भाव खरीदारों का बिगाड़ सकता है। वैसे, इस महीने की शुरुआत में सोने की कीमतों (Gold Price) में गिरावट आई थी। लोग श्राद्ध पक्ष के कारण सोने की खरीदारी से दूर रहे थे। उम्मीद थी कि श्राद्ध पक्ष खत्म होने पर भी सोना का भाव स्थिर रहेगा, मगर अब भाव चढ़ गए हैं। सोने के भाव में बढ़ोतरी इजरायल-हमास (Israel Hamas War) जंग से हुई है। ये जंग नए क्षेत्रों तक फैल सकती है। इस कारण भारत में त्योहारी सीजन (Festive Season) में सोने के दाम बढ़ सकते हैं।
विशेषज्ञ बताते हैं कि ज्वेलर्स को कुछ दिन पहले पूरा भरोसा था कि त्योहारी सीजन के दौरान खूब मांग बढ़ेगी। उनके मुताबिक अमेरिकी बांड यील्ड में बढ़ोतरी से सोना सस्ता हुआ था। हाल में अमेरिका में 10-ईयर ट्रेजरी बढ़कर 16 साल की ऊंचाई पर पहुंची है। इससे अक्टूबर की शुरुआत में सोने की कीमतें गिरकर 56 हजार रुपए प्रति 10 ग्राम पर आई थीं।
7 अक्टूबर को हमास के हमले के बाद इंटरनेशनल मार्केट में सोने के भावों में तेज बढ़ोतरी दिखी है। इसके बाद भारतीय बाजार में भी सोने के भाव बढ़े हैं। हम अपने सोने की खपत का अधिकतर हिस्सा आयात करते हैं, इसलिए इंटरनेशनल मार्केट में सोने की कीमतें बढ़ने का भारत में दामों पर सीधा असर होता है।
आमतौर पर सोने की कीमतें बढ़ने से भारत में फेस्टिव सीजन की डिमांड पर असर नहीं होता है। हालांकि इन्वेस्टमेंट डिमांड कम रह सकती है। हाल के वर्षों में अधिकतर लोग निवेश के लिए सॉवरेन गोल्ड बांड, गोल्ड ETF जैसे नॉन-फिजिकल गोल्ड को चुन रहे हैं। सोने में आई तेजी का इन इन्वेस्टमेंट प्रोडक्ट पर असर पड़ सकता है।
उन्होंने कहा कि इस तेजी में सोने की कीमतें 60300 रुपए प्रति 10 ग्राम जा सकती है। अगर, इस स्तर पर कीमतें टिकीं तो 61800 रुपए प्रति 10 ग्राम तक पहुंच सकती है। मौजूदा हालात में सोने के भाव का अनुमान लगाना मुश्किल है। मौजूदा हालात सुधरते हैं तो सोने में तेज गिरावट भी आने की संभावना है। बता दें एक साल में सोने के दाम में 17% से ज्यादा बढ़ोतरी हुई है।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in