नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर भारत को लेकर सख्त बयान दिया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर भारत रूस से तेल खरीदना बंद नहीं करता, तो उस पर लगाए गए टैरिफ को और बढ़ाया जा सकता है। हालांकि, इस दौरान ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ भी की और उन्हें अच्छा आदमी बताया।
भारत पर क्यों भड़के ट्रंप?
एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप ने कहा कि भारत द्वारा रूस से तेल खरीदने की वजह से वह खुश नहीं थे। उन्होंने साफ शब्दों में कहा,“प्रधानमंत्री मोदी जानते थे कि मैं खुश नहीं था। मुझे खुश करना जरूरी था। अगर भारत रूसी तेल खरीदता रहा तो हम बहुत जल्दी टैरिफ बढ़ा सकते हैं। गौरतलब है कि अगस्त 2025 में ट्रंप प्रशासन ने भारत पर टैरिफ दोगुना करते हुए 50 प्रतिशत कर दिया था। इसकी मुख्य वजह भारत और रूस के बीच तेल व्यापार को बताया गया था। अमेरिका का आरोप है कि रूस को तेल से मिलने वाली कमाई का इस्तेमाल यूक्रेन युद्ध में किया जा रहा है।
ट्रेड डील भी अटकी
टैरिफ विवाद की वजह से भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित ट्रेड डील भी लंबे समय तक अटकी रही। ट्रंप चाहते थे कि भारत अमेरिकी कंपनियों के लिए अपना बाजार पूरी तरह खोले, खासकर डेयरी और कृषि (एग्रीकल्चर) सेक्टर में। लेकिन भारत ने अपने घरेलू हितों को प्राथमिकता देते हुए इस मांग को नहीं माना। भारत और रूस के रिश्ते दशकों पुराने हैं। रूस इस समय भारत का सबसे बड़ा कच्चा तेल आपूर्तिकर्ता है। भारत का कहना है कि वह अपनी ऊर्जा नीति बाजार की स्थिति और उपभोक्ताओं की जरूरतों के हिसाब से तय करता है। इसी मुद्दे पर ट्रंप बार-बार नाराजगी जताते रहे हैं।
ट्रंप के दावे पर भारत ने किया था इनकार
ट्रंप ने पहले दावा किया था कि पीएम मोदी ने उन्हें भरोसा दिलाया है कि भारत रूस से तेल खरीदना बंद कर देगा। हालांकि, भारत सरकार ने इस दावे को सिरे से खारिज करते हुए कहा था कि ऐसी कोई बातचीत नहीं हुई है। ट्रंप की ताजा चेतावनी से भारत-अमेरिका संबंधों में फिर तनाव बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, टैरिफ विवाद के बावजूद दोनों नेताओं के बीच व्यक्तिगत रिश्तों में नरमी दिखती रही है। ट्रंप पहले भी कह चुके हैं कि पीएम मोदी उनके दोस्त हैं और भारत-अमेरिका के रिश्ते खास हैं। यह बयान उस समय आया है जब ट्रंप वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की गिरफ्तारी को लेकर चर्चा में हैं। इसी ब्रीफिंग के दौरान ट्रंप ने भारत, रूस और तेल व्यापार का मुद्दा उठाया।




