जी-20 शिखर सम्मेलन
जी-20 शिखर सम्मेलन रफ़्तार।

G20 Summit Schedule: सम्मेलन के दूसरे दिन का पूरा शिड्यूल यहां, पढ़ें कब-क्या होगा? जानें एजेंडा और महत्व भी

G20 Summit India: दो दिवसीय जी-20 सम्मेलन जारी है। पहले दिन आज दिल्ली के भारत मंडपम में तीन अहम सत्र आयोजित होंगे। जी-20 सम्मेलन की थीम 'वसुधैव कुंटुंबकम' है।

नई दिल्ली, रफ्तार। दो दिवसीय जी-20 सम्मेलन जारी है। पहले दिन आज दिल्ली के भारत मंडपम में तीन अहम सत्र आयोजित हुए। जी-20 सम्मेलन की थीम 'वसुधैव कुंटुंबकम' है। इस थीम पर वन अर्थ-वन फैमिली और वन फ्यूचर सत्र हुए।

पहले दिन (9 सितंबर) का पूरा शेड्यूल

सुबह 9:30 बजे से 10:30 बजे तक भारत मंडपम में नेताओं और प्रतिनिधिमंडलों के प्रमुखों का आगमन हुआ। सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक भारत मंडपम के लेवल 2 के समिट हॉल में पहला सेशन वन अर्थ हुआ। फिर वर्किंग लंच किया गया। दोपहर 1:30 बजे से 3 बजे तक भारत मंडपम के लेवल 1 में द्विपक्षीय बैठकें हुईं। दोपहर 3 बजे से 4:45 बजे तक भारत मंडपम के लेवल 2 के समिट हॉल में दूसरा सत्र वन फैमिली (एक परिवार) हुआ। शाम 7 बजे से रात 8 बजे तक खाना-पीना हुआ। वेलकम फोटो ली गई। रात 8 बजे से 9:15 बजे तक रात के खाने पर बात। रात 9:15 से 9:45 बजे तक नेता और प्रतिनिधिमंडलों के प्रमुख भारत मंडपम के लेवल 2 के लीडर्स लाउंज में इकट्ठा हुए। यहां से साउथ या वेस्ट प्लाजा से होटलों के लिए प्रस्थान।

दूसरे दिन रविवार (10 सितंबर) का शेड्यूल

सुबह 8:15 से सुबह 9 बजे तक राजघाट पर नेता और प्रतिनिधिमंडलों के प्रमुख आएंगे। राजघाट पर लीडर्स लाउंज के अंदर शांति दीवार पर हस्ताक्षर किए जाएंगे। सुबह 9 बजे से 9:20 बजे तक महात्मा गांधी की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित होगी। इस दौरान महात्मा गांधी के पसंदीदा भक्ति गीतों का प्रदर्शन होगा। सुबह 9:20 बजे नेता और प्रतिनिधिमंडल के प्रमुख अलग-अलग काफिले में लीडर्स लाउंज के लिए प्रस्थान कर जाएंगे। सुबह 9:40 बजे से 10:15 बजे तक भारत मंडपम में नेताओं और प्रतिनिधिमंडल के प्रमुखों का आगमन होना है। सुबह 10:15 बजे से 10:28 बजे तक भारत मंडपम के लेवल 2 के साउथ प्लाजा में पौधरोपण समारोह होना है। सुबह 10:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक भारत मंडपम के लेवल 2 के समिट हॉल में तीसरा सत्र वन फ्यूचर (एक भविष्य) किया जाएगा। फिर नेताओं की घोषणा को अडॉप्ट किया जाएगा।

कौन-कौन नेता शामिल

सम्मेलन में अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक, जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा, चीन के प्रधानमंत्री ली कियांग, रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव, इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी, कनाडा के पीएम जस्टिन ट्रूडो, फ्रांस के राष्ट्रपति इमेनुएल मैक्रों, ऑस्ट्रेलिया के पीएम एंथनी अल्बनीज, जर्मन चांसलर ओलाफ शोल्ज शामिल हुए हैं। दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति यूं सुक येओल, दक्षिण अफ्रीकी राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा, तुर्किए राष्ट्रपति रेसेप तैयप एर्दोगन, बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना, मॉरीशस के प्रधानमंत्री प्रविंद कुमार जगन्नाथ, अर्जेंटीना के राष्ट्रपति अल्बर्टो फर्नांडीज, कोमोरोस के राष्ट्रपति और अफ्रीकी संघ के अध्यक्ष अजाली असौमानी शामिल हैं।

वैश्विक मुद्दों पर विचार-विमर्श

भारत में पहली बार जी-20 सम्मेलन हो रहा है। इसमें तमाम नेता महत्वपूर्ण वैश्विक मुद्दों पर विचार-विमर्श करेंगे। भारत जी-20 अध्यक्षता के तहत समावेशी विकास, डिजिटल नवाचार, जलवायु लचीलापन और न्यायसंगत वैश्विक स्वास्थ्य पहुंच आदि मुद्दों पर ध्यान केंद्रित किए है।

सम्मेलन का एजेंडा

सम्मेलन के एजेंडे में विकासशील देशों को आर्थिक मदद, विश्व बैंक और आईएमएफ में सुधार, क्रिप्टो करेंसी के लिए नए नियम, खाद्य और ऊर्जा सुरक्षा पर जोर, जलवायु परिवर्तन और रूस-यूक्रेन युद्ध के आर्थिक और सामाजिक प्रभाव आदि मुद्दे शामिल हैं। इन सभी मुद्दों पर चर्चा चल रही है।

यह सम्मेलन इतना अहम?

जी-20 के सदस्य देश वैश्विक सकल घरेलू उत्पाद (GDP) का लगभग 85 प्रतिशत, वैश्विक व्यापार का 75 प्रतिशत से ज्यादा और विश्व जनसंख्या का लगभग दो-तिहाई प्रतिनिधित्व करते हैं। इस वजह से समूह और सम्मेलन दुनिया के लिए काफी अहम है।

जी-20 ग्रुप में कौन-कौन देश?

जी-20 समूह में ऑस्ट्रेलिया, अर्जेंटीना, कनाडा, ब्राजील, चीन, फ्रांस, जर्मनी, भारत, जापान, इटली, कोरिया गणराज्य, इंडोनेशिया, मैक्सिको, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका, तुर्किये, ब्रिटेन, अमेरिका और यूरोपीय संघ (ईयू) शामिल हैं।

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in