नैपीटॉ, 10 जून (हि.स.)। म्यांमार में एक बड़ा हादसा हो गया। यहां के दूसरे बड़े शहर मंडाले के पास सेना का विमान दुर्घटनाग्रस्त होने से 12 लोगों की मौत हो गई है। विमान राजधानी नैपीटॉ से पिन ऊल्विन शहर के लिए उड़ान भर रहा था और उतरते समय यह एक स्टील प्लांट से लगभग 984 फीट की दूरी पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस प्लेन में सेना के छह जवान और बौद्ध भिक्षुक सवार थे, जो बुद्धिस्ट मोनेस्ट्री में एक समारोह में शामिल होने के लिए जा रहे थे। इस प्लेन का चालक और एक यात्री बच गए हैं, जिन्हें सेना के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि यह अभी स्पष्ट नहीं है कि विमान में आग किन कारणों से लगी है। सोशल मीडिया पर जारी की गई तस्वीरों में दिखाया गया है कि क्षतिग्रस्त विमान जमीन पर पड़ा हुआ है। हिन्दुस्थान समाचार/सुप्रभा सक्सेना





