नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । बांग्लादेश में एक बार फिर हिंदू युवक को मार डाला गया है। स्थानीय पुलिस और सूत्रों के मुताबिक, ऑटो रिक्शा चलाने वाले समीर दास को कुछ बदमाशों ने पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद आरोपी उसके ऑटो रिक्शा को लेकर फरार हो गए। समीर का शव खून से लथपथ पाया गया, जिससे इलाके में खौफ का माहौल बना हुआ है।
खून से लथपथ मिला शव
समीर कुमार दास, जो लंबे समय से बैटरी चालित ऑटो-रिक्शा चलाकर जीवनयापन कर रहे थे, उसकी हत्या कर दी गई। रविवार, 11 जनवरी 2026 की रात वह घर नहीं लौटे, जिससे उनके परिवार वाले उनकी खोज में जुट गए और इस मामले में पुलिस को भी जानकारी दी। रात लगभग 2 बजे स्थानीय लोगों ने दक्षिण करीमपुर के मुहुरी बाड़ी इलाके में समीर का खून से लथपथ शव देखा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर फेनी जनरल अस्पताल भेज दिया। इस घटना ने स्थानीय लोगों में डर और चिंता का माहौल पैदा कर दिया है।
हत्या मामले की जांच कर रही पुलिस
दागनभुइयां थाना के प्रभारी अधिकारी मोहम्मद फयज़ुल आज़ीम ने बताया कि घटना के पीछे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस पूरी तरह से जांच में लगी हुई है। अधिकारी ने कहा कि यह हत्या ऑटो-रिक्शा लूटने के इरादे से हुई या किसी अन्य कारण से, इन सभी पहलुओं की विस्तार से जांच की जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि मृतक समीर कुमार दास के परिवार की ओर से पहले ही आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई जा चुकी है और पुलिस मामले में सभी जरूरी कदम उठा रही है।
बांग्लादेश में हिंदुओं पर हमलों की बढ़ रही घटनाएं
बांग्लादेश 2024 के विरोध और अस्थिरता के दौर से गुजर रहा है और इस बीच हिंदू समुदाय पर कट्टरपंथियों के हमलों में तेजी देखी जा रही है। यह स्थिति अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी चिंता का विषय बनी हुई है। देश भर में अल्पसंख्यक समुदायों की सुरक्षा को लेकर बांग्लादेश हिंदू-बौद्ध-ईसाई एकता परिषद ने गंभीर चिंता जताई है। संगठन का कहना है कि फरवरी में होने वाले राष्ट्रीय चुनाव के करीब आने के साथ-साथ सांप्रदायिक हिंसा खतरनाक गति से बढ़ रही है, जिससे अल्पसंख्यक समुदायों की सुरक्षा जोखिम में है।
भारत ने बांग्लादेश में हिंदुओं पर हमलों को लेकर जताई चिंता
बांग्लादेश में मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार के दौरान हिंदू समुदाय पर बढ़ रहे हमलों को लेकर भारत ने कड़ा विरोध जताया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि अल्पसंख्यकों के घरों और व्यवसायों पर चरमपंथियों द्वारा लगातार हमलों का सिलसिला बेहद चिंताजनक है। रणधीर जायसवाल ने कहा कि ऐसी सांप्रदायिक घटनाओं के खिलाफ तुरंत और सख्ती से कदम उठाना जरूरी है। उन्होंने चेताया कि अगर इन घटनाओं की अनदेखी की गई, तो अपराधियों का हौसला बढ़ेगा और अल्पसंख्यक समुदायों में डर और असुरक्षा की भावना और गहरी होगी।





