Morocco earthquake: मोरक्को में भूकंप से 632 लोगों की मौत, आंतरिक मंत्रालय ने कहा- बढ़ सकता है आंकड़ा

Morocco earthquake: मोरक्को में शुक्रवार देर रात हाई एटलस पहाड़ियों पर आए शक्तिशाली भूकंप से बड़े पैमाने पर क्षति हुई है। अब तक 632 लोगों की मौत हो चुकी है। लोगों को अपने घरों को छोड़ना पड़ा है।
Morocco earthquake
Morocco earthquake

रबात, रफ्तार डेस्क (हि.स.)। मोरक्को में शुक्रवार देर रात हाई एटलस पहाड़ियों पर आए शक्तिशाली भूकंप से बड़े पैमाने पर क्षति हुई है। अब तक 632 लोगों की मौत हो चुकी है। यह आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है। तमाम इमारतें नष्ट हो गई हैं। प्रमुख शहरों के लोगों को अपने घरों को छोड़ना पड़ा है।

अब तक 632 लोगों की हुई मौत

मीडिया रिपोर्ट्स में मोरक्को के आंतरिक मंत्रालय के हवाले से कहा गया है कि अब तक 632 लोगों की मौत हो चुकी है और घायलों की संख्या बढ़कर 329 हो गई। मौत का आंकड़ा बढ़ सकता है। एक स्थानीय अधिकारी ने बताया कि ज्यादातर मौतें पहाड़ी इलाकों में हुई हैं, जहां तत्काल पहुंचना मुश्किल था।

यूनेस्को की विश्व धरोहर स्थल सूची में शामिल इमारतें ढही

रिपोर्ट्स में भूकंप के केंद्र के करीबी बड़े शहर मराकेश के लोगों के हवाले से कहा गया है कि पुराने शहर में कुछ इमारतें ऐसी ढह गई हैं, जो यूनेस्को की विश्व धरोहर स्थल सूची में शामिल हैं। एक स्थानीय टेलीविजन ने गिरी हुई मस्जिद की मीनार और क्षतिग्रस्त कारों पर पड़े मलबे के फुटेज दिखाए हैं।

मंत्रालय ने किया शांति बनाए रखने का आग्रह

आंतरिक मंत्रालय ने मृतकों की संख्या टेलीविजन पर प्रसारित कर लोगों से शांति बनाए रखने का आग्रह किया है। मंत्रालय ने कहा है कि भूकंप ने अल हौज, उआरजाजेट, मराकेश, अजीलाल, चिचौआ और तारौदंत प्रांतों को सबसे ज्यादा प्रभावित किया है।

गांव के अधिकांश घर क्षतिग्रस्त

भूकंप के केंद्र के पास असनी के पहाड़ी गांव के मोंटासिर इतरी ने बताया कि हमारे गांव के अधिकांश घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं। पड़ोसी मलबे में दबे हैं। ग्रामीण अपने संसाधनों से उन्हें बचाने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं।

रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 7.2 थी

पास के गांव में रहने वाले शिक्षक हामिद अफकार ने कहा कि धरती लगभग 20 सेकंड तक हिलती रही। वह घर की दूसरी मंजिल से नीचे की ओर भागे। दरवाजे अपने आप खुल रहे थे और बंद हो रहे थे।

मोरक्को के भू-भौतिकी केंद्र ने कहा कि भूकंप हाई एटलस के इघिल क्षेत्र में आया। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 7.2 थी। अमेरिकी भू-वैज्ञानिक सर्वेक्षण ने भूकंप की तीव्रता 6.8 बताई है। उसने कहा है कि यह 18.5 किलोमीटर (11.5 मील) की अपेक्षाकृत उथली गहराई पर था।

अन्य ख़बरों के लिए क्लिक करें :- www.raftaar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in