भारत दर्शन यात्रा का हुआ भव्य स्वागत, मुख्यमंत्री शिवराज निवास पर हुआ तेलुगु संगमम कार्यक्रम

भारत दर्शन यात्रा का हुआ भव्य स्वागत, मुख्यमंत्री शिवराज निवास पर हुआ तेलुगु संगमम कार्यक्रम

भोपाल, एजेंसी। भारत की अतिथि देवो भव: की परंपरा रही है। मध्यप्रदेश की धरती पर तेलुगु भाई-बहनों का हमेशा स्वागत है। सांस्कृतिक रूप से भारत सदैव एक था, एक है और एक रहेगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आज वैभवशाली, गौरवशाली और शक्तिशाली भारत का निर्माण हो रहा है। मध्यप्रदेश की विकास दर निरंतर आगे बढ़ रही है। कृषि के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति हुई है।

यात्रा का जगह-जगह भव्य स्वागत

प्रदेश की साढ़े आठ करोड़ जनता की ओर से मैं “एक भारत-श्रेष्ठ भारत योजना“ में भारत दर्शन यात्रा के दौरान मध्यप्रदेश पधारे तेलुगु भाई-बहनों का स्वागत करता हूँ। आत्मीयता और स्नेह से मध्यप्रदेश की धरती पर आप हमेशा पधारें। यह बात मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार शाम को तेलुगू संगम संस्था की भारत दर्शन यात्रा के मुख्यमंत्री निवास पहुंचने पर उनका स्वागत करते हुए कही। भोपाल पहुंचने पर इस यात्रा का जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया।

पुष्प-वर्षा कर तेलुगु भाषी भाई-बहन का स्वागत
प्रारंभ में मुख्यमंत्री चौहान ने पुष्प-वर्षा कर तेलुगु भाषी भाई-बहन का स्वागत किया। कार्यक्रम में 30 कलाकारों के दल द्वारा तेलुगु नृत्य एवं गायन की मनमोहक प्रस्तुतियाँ दी गई। अतिथियों का स्मृति-चिन्ह और स्टॉल भेंट कर तेलंगाना और मध्यप्रदेश राज्य की कला-संस्कृति अनुसार अभिनंदन किया गया।

मुरलीधर राव जी का आभार किया व्यक्त
मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं पार्टी के प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव जी का आभार व्यक्त कर धन्यवाद देना चाहता हूं क्योंकि ’’एक भारत श्रेष्ठ भारत’’ प्रधानमंत्री मोदी जी की कल्पना को साकार रूप देने का आपने काम किया है। चार धाम, द्वादश ज्योतिर्लिंग, 52 शक्तिपीठ, 4 महाकुंभ, देश के अलग-अलग हिस्सों में है और सांस्कृतिक रूप से भारत सदैव एक रहा है। राजनीतिक रूप से भले ही अलग-अलग राज्यों का उदय हो गया हो लेकिन सांस्कृतिक रूप से भारत एक था, एक है और एक रहेगा।

मध्यप्रदेश और तेलंगाना राज्य में कई समानताएं
उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश और तेलंगाना राज्य में कई समानताएं हैं। मध्यप्रदेश हीरों की खान है। यहाँ सतपुड़ा, पेंच, कान्हा जैसे कई टाइगर रिजर्व हैं। प्रदेश आज सड़क, बिजली, सिंचाई सहित अनेक क्षेत्रों में लगातार आगे बढ़ रहा है। यह आपका अपना ही प्रदेश है, अपने आपको कभी अलग नहीं समझना। सांची के स्तूप के प्रवेश द्वार में आपको तेलंगाना के प्रतीक चिन्ह काग की तोरणम की छवि दिखाई देगी, बुरहानपुर में कुंडी भंडारा बुरहानपुर के कुंडी भंडारे की तरह ही गोलकुंडा का किला अपने अनोखे जल प्रदाय तंत्र के लिए दुनिया में विख्यात है।

भगवान कृष्ण हम सभी को जोड़ते हैं
भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने कहा कि 12 प्रकार की रामायण की रचना तेलुगु भाषा में हुई है। भगवान राम जी उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं लेकिन उनके बारे में ग्रंथ की रचना वह भी 12 अलग-अलग कवियों ने की एक तेलुगु भाषा में की इसका मतलब है राम हमें जोड़ते हैं। भगवान राम जी उत्तर से दक्षिण गए हम सबको मालूम है। उत्तर में अयोध्या है वैसे ही तेलंगाना में दक्षिण की भद्राचलम है। भगवान वनवास के कालखंड में भद्राचलम के अंदर रुके और इसलिए राम उत्तर से दक्षिण जोड़ते हैं। हम सबके हृदय के अंदर राम बैठे हैं, इसलिए हम सब एक हैं। इसी तरह भगवान कृष्ण भी हम सभी को जोड़ते हैं।

अयोध्या की सेवा में लग गए हनुमान
उन्होंने कहा कि दूसरी बात भगवान शिवजी कैलाश में बैठे हैं ,वह महाकाल में भी है,श्रीशैलम में गोदावरी के किनारे मल्लिकार्जुन सहित संपूर्ण ब्रह्मांड में भी समाए हैं। पूरे विश्व के अंदर 52 शक्ति पीठ हैं। यह 52 शक्तिपीठ बांग्लादेश, नेपाल, पाकिस्तान, अफगानिस्तान, तिब्बत सहित देश के अनेक स्थानों पर हैं। यह शक्तिपीठ भी हम सबको जोड़ने का काम करते हैं। क्योंकि हम मां के उपासक हैं इसलिए हम सब एक हैं। हनुमान जी ने अपना संपूर्ण जीवन भगवान श्री राम के सेवा में अर्पित कर दिया लेकिन जन्में तिरुपति के पास की पहाड़ी अंजनी गिरी में। हनुमान जी आंध्र में जन्मे और अयोध्या की सेवा में लग गए।

भारत दर्शन यात्रा में भोपाल पधारे

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में तेलुगु से सभी भाई-बहन आज मध्यप्रदेश की यात्रा पर है । भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता और पूरे मध्यप्रदेश की जनता आनंद का अनुभव कर रही है। हम गौरवान्वित हैं कि प्रदेश में तेलुगु भाषी भाई-बहन भारत दर्शन यात्रा में भोपाल पधारे हैं। मैं आप सभी का हृदय से स्वागत करता हूँ। आज मुख्यमंत्री चौहान ने आप सबका आतिथ्य किया है। आप लोगों का यात्रा के माध्यम से मध्यप्रदेश को समझने का यह प्रयास बहुत अच्छा है।


Related Stories

No stories found.