नई दिल्ली, एजेंसी। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में स्थित ऐतिहासिक नगर खजुराहो में बुधवार यानी 22 से 25 फरवरी तक जी20 संस्कृति कार्य समिति की पहली बैठक का आयोजन किया जा रहा है। जी20 की थीम “वसुधैव कुटुम्बकम”- एक पृथ्वी, एक परिवार, एक भविष्य’ है।
चार अलग-अलग शहरों में होंगी बैठकें
इस बैठक में जी20 देशों के लगभग 125 सदस्य शामिल होने जा रहे हैं। इस कार्य समिति की चार बैठकें होंगी। पहली खजुराहो, दूसरी भुवनेश्वर, तीसरी हम्पी और चौथी बैठक वाराणसी में होगी। पहले दिन 22 फरवरी को एक प्रदर्शनी भी आयोजित की जा रही है, जिसका उद्घाटन मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय संस्कृति मंत्री जी किशन रेड्डी, केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार और केंद्रीय संस्कृति राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी द्वारा किया जाएगा। प्रदर्शनी का मुख्य आकर्षण विदेशों से वापस लाई गईं 25 मूर्तियां रहेंगी।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन
प्रतिनिधियों के लिए खजुराहो नृत्य महोत्सव सहित अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। मप्र का मशहूर मैहर बैंड की प्रस्तुति, देश के जानेमाने वॉयलिन ब्रदर्स भी मेहमानों के सामने अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। यहां आने वाले प्रतिनिधि पश्चिमी समूह के मंदिरों का भी दौरा करेंगे, जो यूनेस्को की विश्व धरोहर में शामिल है। प्रतिनिधियों के लिए बुंदेलखंड के मशहूर बरेदी, नौरता, राई जैसे नृत्य आकर्षण का केंद्र होंगे।




