बेंगलुरु/ रफ्तार डेस्क । कन्नड़ सिनेमा के सुपरस्टार यश ने अपना 40वां जन्मदिन मनाया और इस मौके को उनके चाहने वालों के लिए यादगार बना दिया फिल्म ‘टॉक्सिक’ के मेकर्स ने। जन्मदिन के खास तोहफे के तौर पर फिल्म से यश के किरदार ‘राया’ का दमदार टीजर और फर्स्ट लुक रिलीज किया गया, जिसने रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया। कुछ ही मिनटों में #YashBdayTreat और #ToxicRaya जैसे हैशटैग ट्रेंड करने लगे और लाखों व्यूज के साथ फैंस का उत्साह सातवें आसमान पर पहुंच गया।
करीब दो मिनट 51 सेकंड के इस टीजर की शुरुआत रहस्यमयी और डरावने माहौल से होती है। एक कब्रिस्तान में किसी को दफनाया जा रहा है, चारों तरफ हथियारबंद लोग मौजूद हैं और साथ-साथ एक फ्लैशबैक स्टोरी चलती है, ऐसे में सस्पेंस को और गहरा बना देती है। तभी तेज रफ्तार से आती एक कार पेड़ से टकराकर रुकती है। कार से उतरता है एक शराबी शख्स, वह वहां विस्फोटक सामग्री को कब्रिस्तान के गेट से जोड़कर वहां से भाग जाता है। इसके बाद अचानक जोरदार धमाकों की आवाज गूंजती है और इसी बीच कार का दरवाजा खुलता है।
ऐसे होती है शानदार तरीके से यश की एंट्री
धुएं और आग के बीच शर्टलेस अवतार में यश की एंट्री होती है। उभरे हुए मसल्स, आंखों में गुस्सा और चेहरे पर खतरनाक ठहराव उनके किरदार की क्रूरता और ताकत को बखूबी दर्शाता है। इसके बाद लॉन्ग कोट पहनकर और हाथों में भारी हथियार थामे यश दुश्मनों पर कहर बनकर टूट पड़ते हैं। यह अंदाज दर्शकों को उनकी सुपरहिट फिल्म ‘केजीएफ चैप्टर 2’ के रॉकी की याद दिलाता है पर राया का किरदार उससे भी ज्यादा डार्क, इंटेंस और खतरनाक नजर आता है। वीडियो के साथ मेकर्स ने लिखा, “टॉक्सिक से प्रस्तुत करते हैं राया।” फैंस कमेंट सेक्शन में लगातार यही लिखते दिखे कि राया की एंट्री के साथ ही बॉक्स ऑफिस पर आग लगना तय है।
यश का यह जन्मदिन स्पेशल सरप्राइज सिर्फ फैंस को खुश करने के साथ फिल्म की प्रमोशनल स्ट्रैटेजी का भी अहम हिस्सा हमें यहां नजर आता है। निर्देशक गीतू मोहनदास की यह पैन इंडिया फिल्म 19 मार्च 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। पहले इसे दिसंबर 2025 में रिलीज किया जाना था, लेकिन पोस्ट-प्रोडक्शन का काम पूरा न होने के कारण रिलीज टाल दी गई। बताया जा रहा है कि 400 करोड़ रुपये से ज्यादा के बजट में बनी इस फिल्म में हॉलीवुड स्तर के वीएफएक्स और हाई-ऑक्टेन एक्शन देखने को मिलेगा।
हो चुके हैं पांच अभिनेत्रियों के फर्स्ट लुक जारी
अब तक फिल्म से पांच अभिनेत्रियों के फर्स्ट लुक जारी किए जा चुके हैं, जिनमें कियारा आडवाणी, हुमा कुरैशी, तारा सुतारिया, नयनतारा और रुक्मणी वसंत शामिल हैं। इनमें कियारा आडवाणी का लुक सबसे ज्यादा वायरल हुआ, जिसे करोड़ों बार देखा गया। यश और इस दमदार स्टारकास्ट का कॉम्बिनेशन दर्शकों की उम्मीदों को और बढ़ा रहा है।
बॉक्स ऑफिस पर मुकाबला आसान नहीं
यहां आपको बता दें कि 19 मार्च को बॉक्स ऑफिस पर मुकाबला आसान नहीं होगा, क्योंकि उसी दिन अजय देवगन की ‘धुरंधर 2’ और आदिवी शेष व मृणाल ठाकुर की ‘डकैत’ भी रिलीज होंगी। इसके बावजूद ट्रेड एनालिस्ट्स का मानना है कि यश का स्टारडम साउथ से लेकर नॉर्थ इंडिया तक फैला हुआ है और ‘टॉक्सिक’ 1000 करोड़ क्लब में एंट्री कर सकती है। खुद यश ने इंस्टाग्राम पर फैंस का आभार जताते हुए लिखा, राया आपके लिए आ रहा है।अब दर्शकों की नजरें टिकी हैं 19 मार्च 2026 पर, जब ‘टॉक्सिक’ बड़े पर्दे पर अपना असली जलवा दिखाएगी।





