नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । दक्षिण भारतीय सिनेमा के सबसे चर्चित और पसंदीदा जोड़ों में से एक विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना ने आखिरकार अपने रिश्ते की झलक दुनिया को दिखा ही दी। लंबे समय से अपने निजी जीवन को लेकर चुप्पी साधे रहने वाले इस कपल ने हैदराबाद में आयोजित फिल्म ‘द गर्लफ्रेंड’ के सक्सेस इवेंट में वह पल रच दिया, जिसने सोशल मीडिया पर आग लगा दी।
विजय देवरकोंडा ने थामा रश्मिका का हाथ, फिर किया प्यार भरा किस
‘द गर्लफ्रेंड’ के मंच पर रश्मिका अपनी टीम के साथ मौजूद थीं, तभी दर्शकों की नजरों के सामने विजय देवरकोंडा पहुंचे। उन्होंने मंच पर आते ही रश्मिका का हाथ थामा और प्यार से उसकी ओर देखा। कुछ ही पल में विजय ने झुककर रश्मिका का हाथ चूम लिया, यह पल मानो किसी फिल्म के रोमांटिक सीन से कम नहीं था। रश्मिका विजय की इस हरकत पर शर्म से मुस्कुरा उठीं, और मंच पर दोनों की केमिस्ट्री ने सबका दिल जीत लिया। फोटोग्राफरों के कैमरे चमक उठे और यह पल हमेशा के लिए कैमरों में कैद हो गया।
सोशल मीडिया पर छा गया यह प्यार भरा पल
इस सीन का वीडियो कुछ ही मिनटों में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इंस्टाग्राम और एक्स (पूर्व ट्विटर) पर फैंस ने इसे हजारों बार शेयर किया। किसी ने लिखा, “अब्बा! आखिरकार हमारे रियल लाइफ अर्जुन और गीता सामने आ गए।”एक अन्य फैन ने कहा, “ये सिर्फ किस नहीं, रिलेशनशिप की कन्फर्मेशन है।” वहीं एक यूजर ने प्यारा कमेंट किया, “रश्मिका की मुस्कान ही सब कुछ बयां कर देती है।” एक फैंस का कहना है कि पहले पर्दे पर दिल जीता, अब मंच पर। एक अन्य यूजर ने लिखते हैं, “पहले उन्होंने फिल्मों में दिल जीता, अब मंच पर। इनकी लव स्टोरी अब किसी ब्लॉकबस्टर से कम नहीं।” दूसरे ने कहा, “रश्मिका और विजय हैं साउथ के रियल रोमियो-जूलियट!”
ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री से शुरू हुई थी ऑफ-स्क्रीन लव स्टोरी
आपको बतादें कि विजय और रश्मिका की मुलाकात 2018 में सुपरहिट फिल्म ‘गीता गोविंदम’ के सेट पर हुई थी। फिल्म में दोनों की जोड़ी को दर्शकों ने इतना पसंद किया कि फैंस उन्हें असल जिंदगी में भी कपल मानने लगे। इसके बाद ‘डियर कॉमरेड’ में दोनों की जोड़ी ने एक बार फिर पर्दे पर जादू बिखेरा। हालांकि, दोनों ने बार-बार यही कहा कि वे सिर्फ अच्छे दोस्त हैं, लेकिन उनके बीच की केमिस्ट्री और नजदीकियों ने फैंस को हमेशा कुछ और सोचने पर मजबूर किया।
अक्टूबर में हुई थी सगाई
पिछले महीने, यानी अक्टूबर 2025 में दोनों के सगाई करने की खबर ने सुर्खियां बटोरी थीं। विजय की टीम ने इस खबर की पुष्टि करते हुए बताया था कि दोनों ने परिवार और करीबी दोस्तों की मौजूदगी में एक निजी समारोह में सगाई की है। अब इनसे जुड़े सूत्रों की मानें तो विजय और रश्मिका अगले साल फरवरी 2026 में शादी के बंधन में बंधने वाले हैं। हालांकि, दोनों ने अब तक अपने रिश्ते पर सार्वजनिक रूप से कोई बयान नहीं दिया है।
गौरतलब है कि रश्मिका मंदाना पहले कन्नड़ अभिनेता रक्षित शेट्टी के साथ सगाई कर चुकी थीं, लेकिन 2018 में यह रिश्ता टूट गया। इसके बाद रश्मिका ने खुद को पूरी तरह काम पर केंद्रित कर लिया। वहीं विजय देवरकोंडा का नाम भी कई बार दूसरी अभिनेत्रियों के साथ जोड़ा गया, लेकिन उनकी सहजता और केमिस्ट्री सिर्फ रश्मिका के साथ ही सबसे गहरी दिखाई दी है।





