नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । बॉलीवुड और टेलिविजन के जाने-माने एक्टर, प्रोड्यूसर और डायरेक्टर धीरज कुमार की सोमवार को तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद मुंबई अंधेरी स्थित कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में ICU में उन्हें भर्ती कराया गया था। जहां इलाज के दौरान उनका निधन हो गाय है। 79 साल के धीरज कुमार कथित तौर पर एक्यूट निमोनिया से ग्रसित थे। जिसके चलते उन्होंने अब दुनिया को अलविदा कह दिया है।
वेंटिलेटर सपोर्ट पर थे एक्टर
एक्टर धीरज कुमार बीती रात से ही वेंटिलेटर सपोर्ट पर थे। उनकी हालत काफी गंभीर बताई जा रही थी। परिवार की ओर से उनकी हालात को लेकर जानकारी दी गई थी। बताया था कि, तबीयत बिगड़ने से पहले वो इस्कॉन मंदिर पहुंचे थे, जहां उन्होंने दर्शन किए। इसके बाद ही उनकी सेहत अचानक बिगड़ गई और उन्हें अस्पताल में आनन-फानन में भर्ती कराया गया।
इंडस्ट्री को लगा बड़ा झटका
दिग्गज एक्टर-प्रोड्यूसर धीरज कुमार के निधन के बाद फिल्मी इंडस्ट्री को तगड़ा झटका लगा है। उनके निधन के बाद अब कई कलाकारों ने शोक-संवेदनाएं व्यक्त कर रहे है। हालांकि, अभी तक उनके परिवार की तरफ से इस मामले पर कोई रिएक्शन सामने नहीं आया है।
फिल्म निर्माता अशोक पंडित ने धीरज कुमार के निधन पर शोक जताते हुए उनकी एक तस्वीर शेयर की है। इस तस्वीर के साथ उन्होंने लिखा- ‘बहुत दुख हुआ ये जानकर कि जाने-माने एक्टर-प्रोड्यूसर धीरज कुमार अब हमारे बीच नहीं रहे। ओम शांति।’
किन-किन फिल्मों में किया काम?
निर्माता धीरज कुमार एक ऐसे दिग्गज कलाकार थे जिन्होंने अभिनय, निर्देशन और निर्माण के क्षेत्र में वर्षों तक काम किया और फिल्मी जगत में उनका अनुभव लंबा रहा है। उन्होंने अपने फिल्मी सफर की शुरुआत अभिनेता के रूप में की थी और 1970 के दशक में ‘दीदार’, ‘रातों का राजा’, ‘बहारों फूल बरसाओ’, ‘शराफत छोड़ दी मैंने’, ‘रोटी कपड़ा और मकान’, जैसें फिल्मों में काम किया।
निर्देशक के तौर पर भी बनाया नाम
निर्देशक के तौर पर भी धीरज कुमार ने बेहतरीन काम किया। उन्होंने बच्चों के लिए बनी जादू-तिलिस्म पर आधारित फिल्म ‘आबरा का डाबरा’ और रहस्य-रोमांच से भरी फिल्म ‘काशी: इन सर्च ऑफ गंगा’ का निर्देशन किया। इसके अलावा ‘ओम नमः शिवाय’, ‘श्री गणेश’, ‘अदालत’, ‘संस्कार’, ‘धूप-छांव’, ‘जोड़ियां कमाल की’ और ‘सिंहासन बत्तीसी’ जैसे फेमस धारावाहिकों का निर्देशन भी किया।
निर्माता के तौर पर धीरज का काम
निर्माता के रूप में धीरज कुमार ने धार्मिक, सामाजिक तथा पारिवारिक विषयों पर आधारित 30 से ज्यादा धारावाहिकों का निर्माण किया। उनके द्वारा निर्मित प्रमुख कार्यक्रमों में ‘घर की लक्ष्मी बेटियां’, ‘श्री गणेश’, ‘ॐ नमः शिवाय’, ‘इश्क सुभान अल्लाह’ और ‘संस्कार’ जैसे धारावाहिक शामिल हैं। उन्होंने ‘काशी: इन सर्च ऑफ गंगा’ और कुछ पंजाबी फिल्मों का भी निर्माण किया था।





