नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। साउथ सुपरस्टार यश की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘टॉक्सिक’ का टीजर आखिरकार रिलीज हो गया है और सोशल मीडिया पर धमाका मचा दिया है। होली से पहले फैंस को बड़ा तोहफा देते हुए यश ने अपने नए अंदाज से साफ कर दिया कि इस बार कहानी और भी ज्यादा खतरनाक होने वाली है। निर्देशक गीतू मोहनदास के निर्देशन में बनी यह फिल्म एक पीरियड एक्शन थ्रिलर है, जिसकी झलक भर ने दर्शकों की धड़कनें बढ़ा दी हैं। टीजर में यश का किरदार ‘राया’ सत्ता, डर और साम्राज्य की कहानी कहता नजर आता है। भारी-भरकम बैकग्राउंड म्यूजिक और दमदार डायलॉग्स के साथ यह टीजर दर्शाता है कि ताकत मांगी नहीं जाती, छीनी जाती है।
गोवा की पृष्ठभूमि में 1940-70 के दशक की कहानी
फिल्म का प्लॉट 1940 से 1970 के बीच गोवा के अंडरवर्ल्ड के इर्द-गिर्द घूमता है। यूएई डिस्ट्रीब्यूटर ‘फार्स फिल्म’ द्वारा जारी सिनॉप्सिस के मुताबिक, कहानी स्मगलिंग, विश्वासघात और सत्ता की जंग को दिखाती है। जैसे-जैसे राया का साम्राज्य बढ़ता है, वफादारी शक में बदलती जाती है और हर फैसला भारी कीमत मांगता है।
फिल्म में कियारा आडवाणी, नयनतारा, हुमा कुरैशी, तारा सुतारिया और रुक्मिणी वसंत जैसे बड़े नाम शामिल हैं। फिल्म का बजट लगभग 600 करोड़ रुपये बताया जा रहा है, जो इसे भारतीय सिनेमा की सबसे महंगी फिल्मों में शामिल करता है।
‘धुरंधर 2’ से बॉक्स ऑफिस टक्कर तय
19 मार्च 2026 को रिलीज होने जा रही ‘टॉक्सिक’ का सीधा मुकाबला रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर 2 से होगा। मेकर्स ने क्लैश के बावजूद रिलीज डेट टालने से इनकार कर दिया है। ऐसे में बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त टक्कर तय मानी जा रही है।
यश इससे पहले केजीएफ: चैप्टर 2 में नजर आए थे, जिसने दुनियाभर में 1215 करोड़ रुपये की कमाई कर रिकॉर्ड बनाया था। अब फैंस को उम्मीद है कि ‘टॉक्सिक’ उस सफलता को पीछे छोड़ सकती है।
6 भाषाओं में रिलीज, अगला कदम ‘रामायण’
‘टॉक्सिक: ए फेयरीटेल फॉर ग्रोनअप्स’ को कन्नड़ और अंग्रेजी में शूट किया गया है और इसे हिंदी, तमिल, तेलुगू व मलयालम समेत छह भाषाओं में रिलीज किया जाएगा। इसके अलावा यश जल्द ही रामायण में रावण की भूमिका निभाते नजर आएंगे।





