नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। प्रभास स्टारर फिल्म ‘द राजा साहब’ बॉक्स ऑफिस पर उम्मीदों के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर रही है। मंगलवार, 13 जनवरी 2026 को फिल्म ने भारत में सभी भाषाओं में मिलाकर सिर्फ ₹4.85 करोड़ का नेट कलेक्शन किया, जिससे यह साफ हो गया कि फिल्म की रफ्तार तेजी से धीमी हो रही है। Sacnilk की रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म का कुल भारत नेट कलेक्शन अब तक लगभग ₹119.45 करोड़ तक पहुंच गया है, लेकिन पहले चार दिनों में भी इसे कमजोर कमाई के संकेत मिले थे। तीसरे दिन फिल्म ने ₹19.1 करोड़ कमाए थे, जिसमें तेलुगु वर्जन का सबसे बड़ा योगदान ₹14.2 करोड़ रहा। चौथे दिन कमाई गिरकर ₹6.6 करोड़ रह गई थी और पांचवें दिन यह और घटकर ₹4.85 करोड़ पर आ गई।
प्रभास का लुक और फेस स्वैप VFX भी असली नहीं लगा
फिल्म की थिएटर ऑक्यूपेंसी भी बेहद कमजोर रही। तेलुगु में कुल ऑक्यूपेंसी केवल 21.12% रही, जबकि सुबह के शो में यह सिर्फ 14.55% थी। हिंदी वर्जन की स्थिति और भी खराब रही, जिसमें कुल ऑक्यूपेंसी 12.55% दर्ज की गई। तमिल में भी दर्शकों की संख्या कम रही और कुल ऑक्यूपेंसी केवल 12.12% रही। इस कमजोर प्रदर्शन के पीछे ऑनलाइन मिली मिक्स्ड और नेगेटिव रिव्यूज़ भी बड़ी वजह हैं। कई दर्शकों ने कहानी, स्क्रीनप्ले और VFX पर सवाल उठाए। एक यूज़र ने कहा, “कहानी और फिल्ममेकिंग की बेसिक समझ ही गायब लगती है। प्रभास का लुक और फेस स्वैप VFX भी असली नहीं लगा।” वहीं जरीना वहाब और संजय दत्त के अभिनय को कुछ हद तक सराहा गया।
ब्रह्मानंदम और वेन्नेला किशोर भी सपोर्टिंग रोल में नजर आ रहे हैं।
फिल्म का निर्देशन मारुति ने किया है और इसमें प्रभास, संजय दत्त, मालविका मोहनन, निधि अग्रवाल, बोमन ईरानी, रिद्धि कुमार मुख्य भूमिकाओं में हैं। ब्रह्मानंदम और वेन्नेला किशोर भी सपोर्टिंग रोल में नजर आ रहे हैं। भारी बजट और बड़ी स्टारकास्ट के बावजूद फिल्म दर्शकों से जुड़ने में नाकाम साबित हो रही है। अब सबकी नजरें वीकेंड पर हैं कि क्या ‘द राजा साहब’ बॉक्स ऑफिस पर कोई बड़ा उलटफेर कर पाएगी या गिरावट का सिलसिला जारी रहेगा।





