नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क। बॉलीवुड के चर्चित अभिनेता राजपाल यादव इस समय कठिन परिस्थितियों का सामना कर रहे हैं। हाल ही में फ्लॉप फिल्मों की वजह से वे आर्थिक तंगी झेल रहे हैं। हालात इतने बिगड़ गए कि चेक बाउंस केस में उन्हें दिल्ली की तिहाड़ जेल में सरेंडर करना पड़ा। उनकी जेल में जाने की खबर से फिल्म इंडस्ट्री को भी झटका लगा है। कई सितारे उनके समर्थन में सामने आए हैं, लेकिन सोशल मीडिया पर केवल संदेश या पोस्ट डालने से उनकी मुश्किलें कम नहीं होंगी। इस मुश्किल समय में बिहार के नेता तेजप्रताप यादव ने कदम बढ़ाकर 11 लाख की मदद की। इस मामले में एक्टर सोनू सूद ने भी उनका समर्थन किया है, लेकिन उनके अलावा बॉलीवुड इंडस्ट्री ने चुप्पी साध रखी है।
तेज प्रताप यादव ने मदद का किया एलान
जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव की मुश्किलों को देखकर उन्हें आर्थिक सहायता देने का फैसला किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर कहा कि इस कठिन समय में वह और उनका पूरा JJD परिवार राजपाल यादव और उनके परिवार के साथ खड़ा है। तेज प्रताप यादव ने लिखा कि उन्हें हाल ही में अपने बड़े भाई राव इंदरजीत यादव के माध्यम से राजपाल यादव के परिवार की पीड़ा का पता चला। इस मानवीय और संवेदनशील स्थिति में अपने दल की ओर से 11,00,000 रुपये (ग्यारह लाख) आर्थिक सहायता दे रहा हूं।
सोनू सूद ने अपनी फिल्म में काम का दिया ऑफर
राजपाल यादव की मुश्किलों को देखते हुए सोनू सूद ने मदद का हाथ बढ़ाया है। सोनू सूद ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करते हुए राजपाल यादव को अपनी आने वाली फिल्म में काम करने का ऑफर दिया। सोनू ने लिखा कि राजपाल यादव एक बेहद गिफ्टेड एक्टर हैं, जिन्होंने इंडस्ट्री में वर्षों तक शानदार काम किया है। कभी-कभी जिंदगी नाइंसाफी करती है और इसका कारण हुनर की कमी नहीं, बल्कि मुश्किल वक्त होता है। उन्होंने आगे कहा कि राजपाल यादव को फिल्म में शामिल करने के लिए जो शुरुआती रकम दी जाएगी, वह साइनिंग अमाउंट है, जिसे आगे के काम में जोड़ा जा सकेगा। यह कोई दान नहीं है, बल्कि सम्मान है। सोनू सूद ने कहा कि जब हमारा कोई साथी मुश्किल दौर से गुजर रहा हो, तो पूरी इंडस्ट्री को मदद के लिए आगे आना चाहिए, क्योंकि यह भी हमारा परिवार है।
गुरमीत चौधरी भी आए समर्थन में, इंडस्ट्री से की मदद की अपील
बॉलीवुड अभिनेता गुरमीत चौधरी ने भी राजपाल यादव की मुश्किलों को देखकर उनका समर्थन किया है। गुरमीत ने सोशल मीडिया पर लिखा कि राजपाल यादव जैसी प्रतिभाशाली हस्ती को कठिन समय में देखना उनके लिए बेहद दुखद है। उन्होंने कहा “राजपाल जी ने हमें अनगिनत हंसी और यादगार पल दिए हैं। अब हमारी बारी है कि हम उनके साथ खड़े हों।” गुरमीत ने आगे कहा कि एक साथी कलाकार और इंसान के तौर पर वह हर संभव मदद देने के लिए तैयार हैं। उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री के अन्य प्रोड्यूसर्स और डायरेक्टर्स से अपील की कि वे मिलकर राजपाल यादव के लिए समाधान निकालें। उनका मानना है कि इंडस्ट्री एक परिवार की तरह है और परिवार कभी अपने लोगों को मुश्किल में अकेला नहीं छोड़ता।
क्या है मामला?
दरअसल, अभिनेता राजपाल यादव चेक बाउंस मामले में कानूनी जद्दोजहद का सामना कर रहे हैं। मामला साल 2010 का है, जब उन्होंने फिल्म निर्माण के लिए मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड से 5 करोड़ रुपये उधार लिए थे। फिल्म फ्लॉप हो गई और बड़े नुकसान के चलते राजपाल यादव समय पर पैसे लौटाने में असमर्थ रहे। उनके दिए गए चेक बाउंस हो गए और इसके बाद कंपनी ने लीगल कार्रवाई शुरू कर दी। अब उस उधारी की रकम 9 करोड़ रुपये तक पहुँच गई है। मामला अभी भी अदालत में लंबित है और एक्टर के लिए यह कठिन दौर बना हुआ है।





