नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। बॉलीवुड अभिनेत्री तनिष्ठा चटर्जी इन दिनों जिंदगी की सबसे बड़ी लड़ाई लड़ रही हैं। उन्हें स्टेज 4 ओलिगो मेटास्टेटिक कैंसर का पता चला है, लेकिन हिम्मत और हौसले की मिसाल बनी तनिष्ठा ने अपने संघर्ष को जिस बहादुरी से साझा किया है, वह हर किसी के दिल को छू गया।
सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट लिखते हुए तनिष्ठा ने अपनी जंग की कहानी बयां की। उन्होंने बताया कि बीते आठ महीने उनके जीवन के सबसे कठिन रहे। एक ओर कैंसर से जूझती खुद की लड़ाई, तो दूसरी ओर 70 वर्षीय माँ और 9 साल की बेटी की जिम्मेदारी – दोनों ही पूरी तरह उनसे आश्रित हैं। उन्होंने लिखा, पिछले आठ महीने अविश्वसनीय रूप से कठिन रहे हैं।इसे हल्के में नहीं कहा जा सकता।
परेशानियों के बीच भी उम्मीद की किरण
तनिष्ठा ने लिखा कि यह पोस्ट उनके दर्द की नहीं, बल्कि उस प्यार और ताकत की है, जिसने उन्हें कभी अकेला महसूस नहीं होने दिया। उन्होंने कहा, “सबसे मुश्किल समय में मुझे वो प्यार मिला जो आपको थाम लेता है, आपको स्पेस देता है, और अकेला नहीं छोड़ता।
फिल्मी सितारों का साथ बना ढाल
तनिष्ठा ने अपने दोस्तों और बॉलीवुड के कई सितारों के साथ एक फोटो साझा की, जिसमें दिव्या दत्ता, लारा दत्ता, शबाना आज़मी, विद्या बालन, तन्वी आज़मी और कोंकणा सेन शर्मा जैसे कलाकार नजर आए। उन्होंने इस फोटो के साथ लिखा,एआई और रोबोट के युग में इंसानियत की असली करुणा ही सबसे बड़ी ताकत बनी है।
सेलिब्रिटीज ने बढ़ाया हौसला
तनिष्ठा के इस साहसी खुलासे के बाद फिल्म जगत से शुभकामनाओं की बाढ़ आ गई, दीया मिर्ज़ा ने लिखा, “हम तुमसे प्यार करते हैं तन तन। तुम हमारी अपनी योद्धा राजकुमारी हो। कोंकणा सेन शर्मा ने कहा, तुम वाकई अद्भुत और प्रेरणादायक हो, लव यू। अभय देओल और सुनीता राजवर ने भी तनिष्ठा को ढेर सारा प्यार और समर्थन भेजा है।
नारी शक्ति की मिसाल बनीं तनिष्ठा
तनिष्ठा ने खास तौर पर अपने महिला मित्रों का ज़िक्र करते हुए लिखा, “उस बहनचारे को सलाम जिसने मेरे लिए अपार प्रेम, गहरी सहानुभूति और अजेय ताकत के साथ अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। आप जानते हैं कि आप कौन हैं – और मैं आपकी असीम आभारी हूँ।





