नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । अल्लू अर्जुन की फिल्म ‘पुष्पा-2’ की स्क्रीनिंग के दौरान हैदराबाद के चिक्कड़पल्ली स्थित संध्या थिएटर में मची भगदड़ में 35 वर्षीय महिला की मौत हो गई और उसका नौ वर्षीय बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना बुधवार देर रात की है, जब रात 9.30 बजे के शो के लिए भारी भीड़ जमा हो गई थी। लड़के को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। वहीं, इस भगदड़ में कई अन्य भी घायल हो गए।
दरअसल, अल्लू अर्जुन और संगीत निर्देशक देवी श्री प्रसाद स्क्रीनिंग के लिए थिएटर पहुंचे। चिक्कड़पल्ली पुलिस का कहना है कि उनके आने की सूचना दो घंटे पहले तक नहीं थी और इसलिए कोई बंदोबस्त आयोजित नहीं किया गया था। जब अभिनेता थिएटर से बाहर निकल रहे थे, तो उनकी एक झलक पाने के लिए बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए, जिससे भगदड़ मच गई। जिसमें एक 30 वर्षीय महिला की मौत हो गई और कुछ अन्य घायल हो गए। महिला संध्या थिएटर में बेहोश हो गई थी और इसलिए उसे इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल लाया गया। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान रेवती के रूप में हुई है, जो अपने पति और दो बच्चों के साथ शो देखने आई थी।
चिक्कापड़पल्ली के एसीपी एल. रमेश कुमार ने कहा कि लोग घुटन महसूस करते हुए थिएटर से बाहर आए थे, क्योंकि थिएटर अपनी क्षमता से ज़्यादा भरा हुआ था। उन्होंने कहा कि किसी ने भी उन्हें सीपीआर देने में मदद नहीं की और महिला की दम घुटने से मौत हो गई। प्रबंधन के खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा।
गौरतलब है कि आज 5 दिसंबर को देशभर में अल्लू अर्जुन की फिल्म ‘पुष्पा-2’ रिलीज हो गई है। फिल्म के रिलीज से पहले हैदराबाद में स्पेशल स्क्रीनिंग आयोजित की गई थी। अल्लू अर्जुन भी अपने प्रशंसकों के साथ फिल्म देखने के लिए हैदराबाद के प्रतिष्ठित संध्या थिएटर में मौजूद थे। इसी दौरान उन्हें देखने बड़ी संख्या में दर्शक थिएटर के बाहर मौजूद हो गये।





