नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र के निधन ने फिल्म इंडस्ट्री को गहरे सदमे में डाल दिया है। 89 वर्ष की उम्र में जुहू स्थित अपने आवास पर सोमवार सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली। लंबे समय से बीमार चल रहे धर्मेंद्र को हाल ही में हेल्थ इश्यू के बाद ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टर्स की निगरानी में स्वास्थ्य सुधार होने पर उन्हें घर ले जाया गया था लेकिन सोमवार को उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और उनका निधन हो गया।
अभिनेता के निधन की खबर फैलते ही जुहू के बंगले और श्मशान घाट पर बॉलीवुड सितारों का तांता लग गया। अमिताभ बच्चन सलमान खान आमिर खान सलीम खान और शाहरुख खान जैसे बड़े नाम अंतिम विदाई देने पहुंचे। परिवार की मौजूदगी में धर्मेंद्र का अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान हेमा मालिनी और ईशा देओल बेहद भावुक नजर आईं।
शाहरुख खान की दिल छू लेने वाली श्रद्धांजलि
धर्मेंद्र के निधन ने शाहरुख खान को भी भीतर तक झकझोर दिया। सोशल मीडिया पर उन्होंने एक अनदेखी तस्वीर साझा की जिसमें धर्मेंद्र उन्हें प्यार से आशीर्वाद देते दिख रहे हैं।
तस्वीर के साथ SRK ने लिखा, रेस्ट इन पीस धर्म जी। आप मेरे लिए पिता से कम नहीं थे… आपने हमेशा मुझे स्नेह और आशीर्वाद दिया। यह उनके परिवार के साथ साथ दुनिया भर के फिल्म प्रेमियों के लिए अपूरणीय क्षति है। आप अमर हैं… आपकी आत्मा आपकी फिल्मों और आपके खूबसूरत परिवार के साथ हमेशा जीवित रहेगी। हमेशा प्यार।”
इंडस्ट्री में शोक की लहर
धर्मेंद्र के देहांत की खबर लगते ही सोशल मीडिया पर शोक संदेशों की बाढ़ आ गई।
करण जौहर कियारा आडवाणी कृति सैनन आलिया भट्ट रजनीकांत शिल्पा शेट्टी अनुपम खेर और प्रियंका चोपड़ा समेत अनेक सितारों ने गहरा दुख व्यक्त किया।
सभी ने उन्हें इंडस्ट्री का सच्चा जेंटलमैन विनम्र इंसान और सदाबहार स्टार बताया।
धर्मेंद्र आखिरी फिल्म और विरासत
धर्मेंद्र जल्द ही श्रीराम राघवन की फिल्म इक्कीस में दिखाई देंगे। यह फिल्म परमवीर चक्र से सम्मानित सेकंड लेफ्टिनेंट अरुण खेत्रपाल की शौर्य गाथा पर आधारित है। धर्मेंद्र इस फिल्म में अगस्त्य नंदा के किरदार के पिता की भूमिका निभा रहे हैं। जयदीप अहलावत और सिकंदर खेर भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म 25 दिसंबर को रिलीज होगी।
धर्मेंद्र ने अपने करियर में शोले सीता और गीता धरम वीर चुपके चुपके अनुपमा बंधन कटी पतंग जैसी सैकड़ों यादगार फिल्मों से भारतीय सिनेमा को नया आयाम दिया। उनकी सरलता संवाद अदायगी एक्शन और रोमांस सभी ने उन्हें हर पीढ़ी का चहेता बनाया।
अमर हो गया एक युग
धर्मेंद्र के निधन से हिंदी सिनेमा का एक स्वर्णिम अध्याय समाप्त हो गया है।
उनकी मुस्कान विनम्रता और जमीन से जुड़ा स्वभाव इंडस्ट्री में मिसाल था।
पर्दे पर दमकता उनका व्यक्तित्व अब यादों और फिल्मों के जरिए हमेशा जीवित रहेगा।
फिल्म इंडस्ट्री के लिए यह क्षति अपूरणीय है—एक सच्चे हीरो की विदाई।





