नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । रैपर बादशाह सोशल मीडिया पर अक्सर सक्रिय रहते हैं, कभी मस्ती भरे वीडियो के जरिए, तो कभी सामाजिक मुद्दों पर राय रखते हुए। इस बार उन्होंने लंदन स्थित इस्कॉन टेंपल के रेस्टोरेंट में चिकन खाने वाले एक शख्स की कड़ी आलोचना की है। दरअसल, सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक व्यक्ति इस्कॉन के शुद्ध शाकाहारी रेस्टोरेंट में जाकर चिकन खाता नजर आता है। इतना ही नहीं, वह वहाँ मौजूद स्टाफ और ग्राहकों को भी चिकन ऑफर करता है, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो जाता है और लोग नाराज हो जाते हैं।
वीडियो में दिख रहा है कि वह शख्स पहले स्टाफ से बार-बार पूछता है कि क्या यह रेस्टोरेंट वीगन है और क्या यहां मांसाहार नहीं मिलता। जब स्टाफ कई बार पुष्टि करता है कि यह शुद्ध वेजिटेरियन रेस्टोरेंट है, तो वह व्यक्ति अपने बैग से केएफसी का चिकन बॉक्स निकालता है और खाना शुरू कर देता है। विरोध होने पर भी वह लोगों को चिकन ऑफर करता रहता है, जिससे लोगों का गुस्सा और बढ़ जाता है। बादशाह ने इस व्यवहार को शर्मनाक बताया और इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी।
बादशाह को आया गुस्सा, बोले – “मुर्गा भी शर्मिंदा हो जाएगा”
वायरल वीडियो देखने के बाद रैपर बादशाह का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, “मुर्गा भी शर्मिंदा हो जाएगा। यार, ये मुर्गे की नहीं, उसे मुंह पर चप्पलों की भूख थी। सच्ची ताकत उस चीज का सम्मान करने में है जिसे तुम खुद नहीं समझते।” बादशाह के इस बयान को सोशल मीडिया पर लोगों का भरपूर समर्थन मिल रहा है। यूजर्स ने उनके विचार को संवेदनशील और समझदारी भरा बताया है और उनकी तारीफ भी की है।
गौरतलब है कि बादशाह को मर्सी, अक्कड़ बक्कड़, गर्मी और सनक जैसे हिट गानों के लिए जाना जाता है। इस साल की शुरुआत में उन्होंने अपने “द अनफिनिश्ड टूर” की अमेरिकी डेट्स का ऐलान किया था। वह सितंबर महीने में वर्जीनिया, न्यू जर्सी, बे एरिया, सिएटल, डलास और शिकागो जैसे शहरों में परफॉर्म करने वाले हैं। बादशाह अक्सर सोशल मीडिया पर अपने कॉन्सर्ट की झलकियां साझा करते हैं, जो उनके फैंस को बेहद पसंद आती हैं। साथ ही, वह अपने अपकमिंग प्रोजेक्ट्स और म्यूजिक अपडेट्स भी सोशल मीडिया के जरिए फैंस तक पहुंचाते रहते हैं।





