नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सदस्यों ने महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की गोली मारकर हत्या कर दी। गैंग की तरफ से जारी किए गए एक नोट में कहा गया कि जो भी सलमान खान की मदद करेगा उसके साथ ऐसा ही होगा। सोशल मीडिया पर लोग लिख रहे हैं कि सलमान खान को अपनी सिक्योरिटी बढ़ा लेनी चाहिए। कुछ वक्त पहले सलमान खान के गैलेक्सी अपार्टमेंट स्थित घर के बाहर लॉरेंस के गैंग के लोगों ने गोलीबारी भी की थी। इस घटना से बॉलीवुड में आक्रोश है। अब निर्देशक राम गोपाल वर्मा का गुस्सा लॉरेंस बिश्नोई गैंग पर फूटा है।
राम गोपाल वर्मा ने लिखा, ‘जेल में बंद एक गैंगस्टर ने फेसबुक की 700 शूटर्स का गैंग बना लिया। वो एक सुपर स्टार को मारकर एक हिरण की मौत का बदला लेना चाहता है। अपनी गैंग को ऑर्डर देता है कि सुपरस्टार के करीबी दोस्त और बड़े राजनेता की हत्या करके सुपरस्टार को चेतावनी दो। पुलिस उसे पकड़ नहीं सकती क्योंकि वो जेल के अंदर सरकार के संरक्षण में है। उसके प्रवक्ता विदेश में बैठे हैं। अगर एक बॉलीवुड राइटर ऐसी कहानी लेकर आता तो लोग उसे पीट देंगे कि ये एक बकवास कहानी है, जिस पर कोई यकीन नहीं करेगा।’
हिरण की मौत का बदला
वर्मा ने एक और ट्वीट में लिखा, ‘1998 में जब हिरण को मारा गया था तब लॉरेंस बिश्नोई पांच साल का बच्चा था। बिश्नोई ने 25 साल तक अपने अंदर ये गुस्सा पालकर रखा और अब 30 की उम्र में वो कह रहा है कि सलमान खान को मारकर हिरण की मौत का बदला लेना उसकी जिंदगी का मकसद है। ये पशु प्रेम की इंतेहां है या ऊपरवाला कोई अजीब मज़ाक कर रहा है?’
सलमान खान के पीछे क्यों पड़ा है लॉरेंस बिश्नोई?
साल 1998 में फिल्म ‘हम साथ साथ हैं’ की शूटिंग के दौरान सलमान खान और फिल्म के दूसरे कलाकारों पर संरक्षित काले हिरण के शिकार के आरोप लगे थे। मूलरूप से राजस्थान, हरियाणा और पंजाब में रहने वाली बिश्नोई कम्युनिटी अपने पशु प्रेम के लिए जानी जाती है। लॉरेंस बिश्नोई इसी समुदाय से आता है। लॉरेंस ने साल 2023 में जेल से दिए गए एक इंटरव्यू में कहा था, ‘हमें पैसे नहीं चाहिए। हम बस ये चाहते हैं कि वो हमारे समुदाय के मंदिर में आएं और हमसे माफी मांगें। उन्होंने काले हिरण को मारकर मेरे पुरे समुदाय को शर्मिंदा किया है। उनके खिलाफ केस भी है लेकिन वो माफी मांगने से इनकार करते हैं।’
जमानत पर बाहर हैं सलमान खान
इस मामले में जुलाई, 2016 में राजस्थान हाई कोर्ट ने सलमान खान को बरी कर दिया था। हाईकोर्ट ने कहा था कि इस बात का कोई सबूत नहीं मिल पाया है कि काले हिरण को जो गोली लगी थी वो सलमान खान के लाइसेंसी बंदूक से लगी थी। हालांकि, इस फैसले के खिलाफ राजस्थान सरकार ने याचिका दायर की थी। इसके बाद दोबारा सुनवाई हुई और जोधपुर ट्रायल कोर्ट ने 4 अप्रैल 2018 में सलमान खान को इस मामले में दोषी पाया था, वहीं उनके साथी कलाकारों सैफ अली खान, तबु, सोनाली बेंद्रे और नीलम कोठारी को बरी कर दिया था। कोर्ट ने 5 अप्रैल, 2018 सलमान खान को पांच साल और 10 हजार रुपये के जुर्माने की सज़ा सुनाई थी। हालांकि, 7 अप्रैल, 2018 को कोर्ट ने सलमान खान को ज़मानत दे दी थी। इस मामले में सलमान खान फिलहाल ज़मानत पर बाहर हैं।


