नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। अभिनेता राजपाल यादव को हाल ही में 9 करोड़ के चेक बाउंस मामले में गिरफ्तार होने के बाद तिहाड़ जेल में रखा गया है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें राजपाल सलमान खान को धन्यवाद देते दिख रहे थे। इस वीडियो को देखकर लोगों ने अफवाह फैलानी शुरू कर दी कि सलमान ने उनकी जेल से रिहाई कराई, लेकिन अब राजपाल की पत्नी राधा यादव ने इसे खारिज कर दिया है।
अभी वह तिहाड़ जेल में ही हैं-राधा यादव
राधा यादव ने एक मीडिया से बातचीत में कहा, अभी वह तिहाड़ जेल में ही हैं। उनकी अगली जमानत सुनवाई सोमवार को है। वे ठीक हैं और इस मुश्किल समय में पूरा परिवार उनके साथ है। हमें उनके फैंस और फिल्म इंडस्ट्री से जो समर्थन मिल रहा है, उसके लिए हम बहुत आभारी हैं।
राजपाल यादव ने क्यों दिया सलमान को धन्यवाद?
वायरल वीडियो में राजपाल यादव मीडिया से बात करते हुए कहते दिख रहे हैं,सलमान भाई बड़े भाई की तरह हैं, उनके साथ बैठकर अंदर से बहुत खुशी महसूस हो रही है। सच में राहत महसूस कर रहा हूँ।हालांकि, यह वीडियो पुराना है और उनके वर्तमान 9 करोड़ के मामले से जुड़ा नहीं है। लोगों की गलतफहमी इसी वीडियो की वजह से बढ़ी।
राजपाल यादव किस वजह से जेल में हैं?
राजपाल यादव ने 2010 में अपनी डायरेक्टोरियल फिल्म Ata Pata Laapata के लिए 5 करोड़ उधार लिए थे। फिल्म फ्लॉप होने के बाद उन्होंने राशि चुकाई नहीं। 2018 में मजिस्ट्रेट कोर्ट ने राजपाल और उनकी पत्नी को छह महीने की जेल की सजा सुनाई। 2019 में सेशन कोर्ट ने सजा बरकरार रखी।
उचित कानूनी प्रक्रिया के तहत आवेदन कर सकते हैं।
इस साल फरवरी में, दिल्ली हाई कोर्ट ने राहत देने से इनकार कर दिया और राजपाल को 4 फरवरी को आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया। उन्होंने 5 फरवरी को तिहाड़ जेल में आत्मसमर्पण किया। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि वह उचित कानूनी प्रक्रिया के तहत आवेदन कर सकते हैं।
फिल्म इंडस्ट्री का समर्थन
राजपाल यादव के मुश्किल समय में कई फिल्म इंडस्ट्री के सदस्य उनके समर्थन में आगे आए हैं। उनका अगला बेल हियरिंग आज यानी 16 फरवरी को चल रही है। हालांकि अभी तक ये साफ नहीं हुआ है कि, उनकी बेल आज होगी या नहीं।





