नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। बॉलीवुड व हॉलीवुड एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा को ऑस्कर के लिए शॉर्टलिस्ट की गई फिल्म अनुजा में कार्यकारी निर्माता के तौर पर शामिल किया गया है। इस बात को लेकर एक्ट्रेस की खुशी का ठिकाना नहीं है। उन्होंने अपनी खुशी जाहिर करते हुए हाल ही में एक बयान दिया है। जानिए उन्होंने अपनी खुशी जाहिर करते हुए क्या कहा । गौरतलब है कि अनुजा नौ साल की छोटी बच्ची के किरदार पर केंद्रित है, जो अपनी बड़ी बहन पलक के साथ एक गारमेंट फैक्ट्री में काम करती है। इसकी कहानी अनुजा के इर्द-गिर्द घूमती है। वे ऐसे फैसलों का सामना करती है जो उसके भविष्य व परिवार दोनों को प्रभावित करता है।
फिल्म दुनिया के लाखों बच्चों को प्रभावित करती है
इस फिल्म के बारें में बात करते हुए प्रियंका चोपड़ा ने कहा कि “यह फिल्म ऐसे विषय पर प्रकाश डालती है जो दुनिया के लाखों बच्चों को प्रभावित करता है। उन्होंने कहा कि अनुजा एक मार्मिक, विचारोत्तेजक कृति है जो हमारे जीवन की दिशा को कैसे आकार देते हैं इस पर गहराई से विचार करने के लिए प्रेरित करती है। मुझे इस अभूतपूर्व व प्रभावशाली प्रोजेक्ट से जुड़ने पर बेहद गर्व है।”
ऑस्कर में मोंगा का यह तीसरा नामांकन
इस फिल्म का निर्माण सलाम बालक ट्रस्ट के सहयोग से किया गया है। यह संस्था मीरा नायर के परिवार द्वारा स्थापित एक गैर-लाभकारी संस्था है। इस संस्था का कार्य सड़क पर रहने वाले और काम करने वाले बच्चों का समर्थन करना है। ऑस्कर विजेता गुनीत मोंगा कपूर ने भी “अनुजा” को निर्माता के रूप में शामिल किया है। ऑस्कर में मोंगा का यह तीसरा नामांकन है। उनकी फिल्में ‘द एलीफेंट व्हिस्परर्स’ और ‘पीरियड: एंड ऑफ सेंटेंस’ ने ऑस्कर जीतकर भारतीय सिनेमा को गौरवान्वित किया है। ‘अनुजा’ के अलावा ऑस्कर की इस दौड़ में एक और फिल्म शामिल है- जिसका नाम है ‘संतोष’, संध्या सूरी द्वारा निर्देशित यह एक ब्रिटिश-भारतीय फिल्म है। इस फिल्म का प्रीमियर इस साल की शुरुआत में कान फिल्म फेस्टिवल में हुआ था।





