नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। भारतीय संगीतकार पलाश मुच्छल और स्टार क्रिकेटर स्मृति मंधाना की बहुप्रतीक्षित शादी स्थगित हो गई है। यह शादी 23 नवंबर को होने वाली थी। पलाश की बहन और मशहूर गायिका पलक मुच्छल ने इस खबर की पुष्टि करते हुए दोनों परिवारों के लिए निजता (Privacy) बनाए रखने का अनुरोध किया है।पलक मुच्छल ने सोमवार को इंस्टाग्राम स्टोरीज पर एक बयान जारी कर फैंस को इस दुखद फैसले की जानकारी दी।
पिता की तबीयत बिगड़ने से टली शादी
शादी टलने का कारण समारोह के दिन हुई एक दुखद घटना है। शादी के दिन ही क्रिकेटर स्मृति मंधाना के पिता श्रीनिवास मंधाना को दिल के दौरे जैसे लक्षण महसूस हुए, जिसके बाद उन्हें तुरंत सांगली के सर्वहित अस्पताल और मेडिकल रिसर्च सेंटर ले जाया गया। पलक मुच्छल ने अपने संदेश में लिखा, स्मृति के पिता की सेहत ठीक न होने के कारण, स्मृति और पलाश की शादी को फिलहाल टाल दिया गया है। हम आप सभी से अनुरोध करते हैं कि इस संवेदनशील समय में परिवारों की निजता का सम्मान करें।
पिता की तबीयत से बिगड़ी पलाश की भी सेहत
स्मृति के पिता की तबीयत बिगड़ने के बाद संगीतकार पलाश मुच्छल की भी सेहत अचानक बिगड़ गई। अगले ही दिन उन्हें सांगली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। पलाश की मां ने बताया कि पलाश, स्मृति के पिता के बहुत करीब हैं। जब वह बीमार पड़े तो पलाश ने फैसला किया कि जब तक वे ठीक नहीं हो जाते, शादी की रस्में आगे नहीं बढ़ानी चाहिए।
पलाश की मां ने कहा, वह इतना रोया कि,अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। उन्हें चार घंटे अस्पताल में रखा गया। उन्हें ड्रिप चढ़ाई गई और ईसीजी सहित अन्य टेस्ट किए गए। सब नॉर्मल था, लेकिन वह बहुत तनाव में है।पलाश फिलहाल सांगली से मुंबई लौट आए हैं और घर पर आराम कर रहे हैं। इस घटनाक्रम के चलते दोनों ही जोड़े काफी तनाव में हैं।
2019 में शुरू हुआ था रिश्ता
स्मृति मंधाना और पलाश मुच्छल का रिश्ता 2019 में शुरू हुआ था। उन्होंने लंबे समय तक इसे निजी रखा और जुलाई 2024 में अपने रिश्ते को सार्वजनिक किया, जब उन्होंने अपनी पांचवीं सालगिरह की तस्वीर पोस्ट की थी। पलाश ने नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में स्मृति को प्रपोज किया था, जिसका वीडियो उन्होंने She said yes कैप्शन के साथ शेयर किया था।परिवारों ने फैंस से अपील की है कि,वे इस मुश्किल समय में उनके साथ रहें और उनकी निजता का सम्मान करें।





