नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। दिवंगत उद्योगपति संजय कपूर की मौत के बाद उनका परिवार एक गहरे विवाद में उलझ गया है। अनुमानित 30,000 करोड़ की संपत्ति को लेकर कपूर खानदान में घमासान मचा हुआ है। इस हाई-प्रोफाइल विवाद में अब संजय की पूर्व पत्नी और बॉलीवुड अभिनेत्री करिश्मा कपूर, और उनकी विधवा प्रिया सचदेव कपूर के नाम भी सामने आ रहे हैं। जिसपर बहन मंधीरा कपूर ने अपनी प्रतिक्रिया दी है।
विवाद की चिंगारी तब और भड़की जब संजय कपूर की बहन मंधीरा कपूर ने सोशल मीडिया और मीडिया से बातचीत में अपनी पीड़ा व्यक्त की। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी 80 वर्षीय मां रानी कपूर के साथ अमानवीय व्यवहार किया गया।“मेरी मां के साथ जो कुछ हुआ, वह किसी बुरे सपने से कम नहीं है। एक मां को बेटे की मौत के कुछ ही दिनों बाद अपमान और उपेक्षा झेलनी पड़ी। जो दस्तावेज़ उनसे साइन करवाए गए, वह खुद उन्हें नहीं समझ आए।
मंधीरा ने यह भी कहा कि पूरा परिवार एक गहरे सदमे में है, लेकिन संपत्ति को लेकर कुछ लोग संवेदनहीन होकर निजी लाभ की चाहत में लगे हैं। उन्होंने बहन के रूप में अपने भाई संजय की इच्छाओं और परिवार की एकता की रक्षा करने की बात भी कही। इस बीच, करिश्मा कपूर का नाम भी बार-बार मीडिया में उछाला गया, लेकिन परिवार के करीबी सूत्रों के अनुसार, करिश्मा इस विवाद से कानूनी रूप से अलग हैं। उनका सारा ध्यान अपने दो बच्चों समायरा और कियान पर है, जो संजय कपूर के कानूनी उत्तराधिकारी हैं।
दूसरी ओर, संजय की विधवा प्रिया सचदेव कपूर भी इस संपत्ति विवाद में प्रमुख पक्ष के रूप में सामने आई हैं, लेकिन अब तक उनकी ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। परिवार के अंदरूनी सूत्रों का मानना है कि यह विवाद जल्द ही कानूनी लड़ाई का रूप ले सकता है।
मंधीरा ने प्रिया सचदेव के उस सुझाव पर भी प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने संजय की मां को दिल्ली स्थित उनके घर में रहने के लिए कहा था। मंधीरा ने कहा कि फिलहाल यह उनके लिए भावनात्मक रूप से मुश्किल है, क्योंकि वहां जाना उनके लिए बड़ा सदमा होगा। क्योंकि वे अपने बेटे के बिना वहां जाने के लिए तैयार नहीं हैं।
जहां एक ओर 30,000 करोड़ रुपये की संपत्ति को लेकर पहले से ही खींचतान चल रही थी, वहीं अब मां रानी कपूर ने सीधे-सीधे गंभीर आरोप लगा दिए हैं कि, ये मौत सिर्फ एक हादसा नहीं लगता, 80 साल की रानी कपूर ने ब्रिटिश अधिकारियों से संजय की मौत की जांच की मांग की है। उन्होंने लंदन पुलिस में आपराधिक शिकायत भी दर्ज करवाई है।
रानी कपूर का आरोप है कि उन पर कुछ कानूनी दस्तावेजों पर जबरन हस्ताक्षर करवाने की कोशिश की गई। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि उन्हें आर्थिक रूप से भी रोका जा रहा है और जिस कंपनी को उन्होंने अपने पति के साथ मिलकर खड़ा किया था, अब उसी कंपनी से उन्हें बाहर कर दिया गया है।इस पूरे विवाद पर संजय की ऑटो पार्ट्स कंपनी सोना कॉमस्टार ने भी प्रतिक्रिया दी है। कंपनी ने रानी कपूर के सभी दावों को “झूठा और बेबुनियाद” बताया है। कंपनी का कहना है कि रानी कपूर 2019 से ही कंपनी में सक्रिय नहीं हैं और उन्होंने कानूनी नोटिस भी भेजा है।
बता दे जाने-माने उद्योगपति और सोना कॉमस्टार के संस्थापक संजय कपूर का 12 जून को इंग्लैंड में चल रहे एक पोलो मैच के दौरान दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था। जिसमें प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, खेल के दौरान अचानक एक मधुमक्खी उनके मुंह में चली गई, जिसे वे अनजाने में निगल बैठे। इसके तुरंत बाद उन्हें बेचैनी महसूस हुई और वहीं मैदान पर ही गिर पड़े। उनके करीबी दोस्त और व्यावसायिक सहयोगी सुहेल सेठ ने बताया कि संजय की मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई, जिसकी शुरुआत मधुमक्खी निगलने की घटना से हुई थी।हालांकि, उनकी कंपनी सोना कॉमस्टार ने इस खबर की पुष्टि करते हुए केवल यह बताया कि श्री कपूर का निधन हार्ट अटैक से हुआ है, और इससे जुड़ी अन्य जानकारी साझा नहीं की गई।
गौरतलब है कि संजय कपूर की तीन शादियां हुई है और वे तीन बच्चों के पिता थे। उन्होनें साल 1996 में उन्होंने फैशन डिज़ाइनर नंदिता महतानी से शादी की थी, जो चार साल चली। इसके बाद 2003 में उन्होंने बॉलीवुड अभिनेत्री करिश्मा कपूर से विवाह किया। इस दंपत्ति के दो बच्चे हैं समायरा (19) और कियान (13) हालांकि, यह रिश्ता भी ज्यादा समय नहीं चला और 2016 में तलाक हो गया। और 2017 में, उन्होंने मॉडल और उद्यमी प्रिया सचदेव से तीसरी शादी की। उनसे उन्हें एक बेटा अज़ारियस है।संजय के निधन के समय वह प्रिया के साथ वैवाहिक जीवन जी रहे थे।





