नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। टीवी का मशहूर डांस रियलिटी शो नच बलिए हमेशा से दर्शकों का फेवरेट रहा है। इस शो ने न सिर्फ टीवी की पॉपुलर जोड़ियों को एक मंच पर डांस करते दिखाया, बल्कि उनके प्यार और केमिस्ट्री को भी खूब सुर्खियां दिलाईं। लेकिन वक्त के साथ एक चौंकाने वाला ट्रेंड सामने आयाशो में नजर आई कई जोड़ियों का रिश्ता कैमरों के बाहर ज्यादा वक्त तक टिक नहीं पाया। हैरानी की बात यह है कि नच बलिए के 9 सीजन में से 4 सीजन के विनर कपल्स आज अलग हो चुके हैं, जबकि कुल मिलाकर 22 जोड़ियों के रिश्ते टूट चुके हैं।
नच बलिए सीजन 3 जीतने वाली जोड़ी आमिर अली और संजीदा शेख कभी टीवी की सबसे पसंदीदा जोड़ियों में गिनी जाती थी। शो जीतने के बाद दोनों की पर्सनल लाइफ भी चर्चा में रही, लेकिन बीते चार सालों से दोनों अलग रह रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक दोनों का तलाक हो चुका है और संजीदा शेख अपनी बेटी की परवरिश अकेले कर रही हैं।
सीजन 4 के विनर शालीन भनोट और दलजीत कौर की कहानी भी कुछ ऐसी ही रही। शो में शानदार परफॉर्मेंस देने के बाद यह जोड़ी ज्यादा समय तक साथ नहीं रह सकी। साल 2015 में दोनों का तलाक हो गया। उनका एक बेटा है, जिसकी कस्टडी दलजीत कौर को मिली।
टीवी इंडस्ट्री का आइडल कपल कहे जाने वाले जय भानुशाली और माही विज ने नच बलिए सीजन 5 की ट्रॉफी अपने नाम की थी। लंबे समय तक फैंस के फेवरेट रहे इस कपल ने हाल ही में अपने अलग होने की पुष्टि की। दोनों ने जॉइंट पोस्ट में बताया कि वे अपने तीन बच्चों की परवरिश मिलकर करेंगे, हालांकि पति-पत्नी के तौर पर अब साथ नहीं हैं।
नच बलिए सीजन 6 के विनर ऋत्विक धनजानी और आशा नेगी भी कभी टीवी की सबसे चर्चित जोड़ियों में शामिल थे। दोनों की ऑन-स्क्रीन और ऑफ-स्क्रीन केमिस्ट्री को खूब पसंद किया गया, लेकिन साल 2020 में दोनों ने आपसी सहमति से ब्रेकअप कर लिया और अपनी-अपनी जिंदगी में आगे बढ़ गए।
इन चार विनर जोड़ियों के अलावा भी नच बलिए का इतिहास टूटे रिश्तों से भरा पड़ा है। सीजन 2 में नजर आए राजीव पॉल–डेलनाज ईरानी, राजा चौधरी–श्वेता तिवारी, गौरव चोपड़ा–नारायणी शास्त्री अब साथ नहीं हैं।सीजन 3 में अभिषेक अवस्थी–राखी सावंत, करण पटेल-अमिता चंदेकर, इंद्रनील सेनगुप्ता–बरखा बिष्ट जैसी जोड़ियां भी अलग हो चुकी हैं।सीजन 4 और 5 में नजर आए नमन शॉ–मेघा गुप्ता, करण मेहरा–निशा रावल, कुंवर अमर–चार्ली चौहान, राहुल महाजन–डिंपी महाजन, कुशाल टंडन–एलेना का रिश्ता भी टूट गया।
इसके अलावा सीजन 6 से राकेश बापट–रिद्धि डोगरा, संजीव सेठ–लता सबरवाल, पारस छाबड़ा–सारा खान, सीजन 7 से नंदीश संधू–रश्मि देसाई, उपेन पटेल–करिश्मा तन्ना, और सीजन 9 से शांतनु महेश्वरी–नित्यामी शिर्के व श्रद्धा आर्या–आलम मक्कार भी अब एक-दूसरे से अलग हो चुके हैं।
कुल मिलाकर, नच बलिए ने दर्शकों को यादगार डांस परफॉर्मेंस जरूर दीं, लेकिन प्यार की कसौटी पर कई रिश्ते खरे नहीं उतर पाए। शो की चमक-दमक और ट्रॉफी के बावजूद, इन जोड़ियों की निजी जिंदगी में आए उतार-चढ़ाव यह साबित करते हैं कि रियलिटी शो की जीत हमेशा रियल लाइफ हैप्पी एंडिंग की गारंटी नहीं होती।





