नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। ‘शक्तिमान’ फेम अभिनेता मुकेश खन्ना ने एक्ट्रेस सोनाक्षी सिन्हा की परवरिश को लेकर उनके पिता और दिग्गज एक्टर शत्रुघ्न सिन्हा पर उंगली उठाई है। एक्ट्रेस ने इसका मुंहतोड़ जवाब देते हुए हाल ही में एक पोस्ट शेयर किया है। इस पोस्ट में उन्होंने सलीके से अपनी बात रखते हुए वार्निंग भी दी है।
सोनाक्षी ने किया ये करारा कमेंट
सोनाक्षी ने मुकेश को वार्निंग देते हुए कमेंट किया और इंस्टा स्टोरी शेयर करते हुए कहा कि वे मेरे पिता द्वारा दिए गए मूल्यों के बारे में न बोलें। “अगली बार जब आप मेरे पिता द्वारा मुझे दिए गए मूल्यों के बारे में कुछ भी कहने का फैसला करते हैं… तो कृपया याद रखें कि यह उन मूल्यों के कारण ही है कि मैंने जो कुछ भी कहा, वह बहुत ही सम्मानपूर्वक है, जब आपने मेरे पालन-पोषण के बारे में कुछ अप्रिय बयान देने का फैसला किया। मैं आपको शुभकामनाएं देती हूं, धन्यवाद और सादर, सोनाक्षी सिन्हा।” सोनाक्षी ने आगे साफ कहा कि केबीसी में उनकी छोटी सी गलती थी। वे भूल गईं कि संजीवनी बूटी किसके लिए लाई गई थी। उन्होंने कहा, ‘लेकिन आप भगवान राम द्वारा सिखाए गए क्षमा और भूलने के कुछ पाठ भी भूल गए हैं। अगली बार इसे याद रखें।’
मुकेश खन्ना ने दिया सोनाक्षी के सवाल का जवाब
वहीं मुकेश खन्ना ने सोनाक्षी के सवाल का जवाब न दे पाने के बारे में बात की। जब उनसे पूछा गया कि क्या वह सोनाक्षी का जिक्र कर रहे थे, तो उन्होंने कहा कि ‘लव कुश उनके बंगले का नाम है, लेकिन वो इस सवाल का जवाब नहीं जानतीं थीं। इसको लेकर लोगों ने भी नाराजगी जताई थी तो मैंने उनसे कहा कि ये सोनाक्षी की गलती नहीं है ये उनके पिता की गलती है। आपने बच्चों को क्यों नहीं बताया? आपने उन्हें इतना आधुनिक क्यों बनने दिया।’
अभिनेता मुकेश खन्ना ने ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के एक पुराने एपिसोड पर कमेंट करते हुए सोनाक्षी की परवरिश पर सवाल उठाए थे। इस एपिसोड में सोनाक्षी ने भगवान हनुमान को लेकर पूछे गए एक सवाल का जवाब नहीं दिया था। इसको लेकर मुकेश खन्ना ने बेटी को सांस्कृतिक ज्ञान नहीं देने के लिए शत्रुघ्न सिन्हा को दोषी ठहराया था।





