नई दिल्ली, रफ्तार न्यूज। विक्की कौशल की अपकमिंग फिल्म ‘छावा’ 14 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। इस फिल्म के लिए एक्टर पूरी तरह से तैयार हैं। विक्की कौशल की इस फिल्म के बाद उनकी एक फिल्म ‘महावतार’ रिलीज होने वाली है। इस फिल्म को रिलीज करने की ऑफिशल अनाउंसमेंट साल 2024 में ही की गई थी। वहीं, अब लेखक नीरेन भट्ट ने फिल्म से जुड़ी जानकारी शेयर की है।
पौराणिक महाकाव्य पर आधारित है फिल्म
फिल्म ‘महावतार’ को अमर कौशिक निर्देशित कर रहे हैं जो चिरंजीवी परशुराम पर आधारित फिल्म है। यह एक पौराणिक महाकाव्य पर आधारित फिल्म होगी जिसमें विक्की कौशल अहम भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म की तैयारी को लेकर लेखक नीरेन भट्ट ने खुलासा किया है।
भगवान विष्णु के अवतार थे परशुराम
लेखक नीरेन ने कहा, ‘महावतार में भगवान परशुराम की कहानी बताई गई है, जो भगवान विष्णु के छठे अवतार थे। इसमें भागवत पुराण और 11 अन्य धर्मग्रंथों से बहुत सारे संदर्भ हैं। ऐसे प्राचीन ग्रंथ हैं जिन्हें आप पुस्तकालयों में पढ़ सकते हैं, लेकिन लोग उन्हें नहीं पढ़ते हैं। उनका उपयोग ज्यादातर पूजा के लिए किया जाता है।’
सटीकता होती है जरूरी
लेखक नीरेन ने यह भी बताया कि किसी भी तरह की पुरानी फिल्म लिखते हुए उसकी सटीकता बहुत जरूरी होती है। लेखक ने कहा, ‘आप किसी भी शैली में गलत नहीं हो सकते। मैंने सभी विवरण सही से लिखने के लिए परशुराम पर प्राचीन नाटक और 11 उपन्यास पढ़े हैं।’
कब रिलीज की जाएगी फिल्म
विक्की कौशल ने मैडॉक फिल्म्स के के साथ शेयर किया हुआ इंस्टा पोस्ट के जरिए इस फिल्म की अनाउंसमेंट की थी। इस दौरान फिल्म का पहला लुक भी सामने आया था। पोस्ट को शेयर करते हुए लिखा गया था कि, ‘दिनेश विजान धर्म के शाश्वत योद्धा की कहानी को जीवंत करते हैं! विक्की कौशल अमर कौशिक द्वारा निर्देशित महावतार में चिरंजीवी परशुराम की भूमिका निभाते हैं। सिनेमाघरों में आ रहा है – क्रिसमस 2026।’




